
संभल–गजरौला रेल लाइन विस्तारीकरण की मांग तेज
Sambhal News - संभल-गजरौला रेल लाइन के विस्तारीकरण की मांग को लेकर महंत बाल योगी दीनानाथ ने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि संभल धार्मिक महत्व का स्थान है और रेल सुविधा की कमी के कारण श्रद्धालुओं को दिक्कत होती है। रेल लाइन का विस्तार क्षेत्र के विकास और रोजगार सृजन में सहायक होगा।
संभल-गजरौला रेल लाइन के विस्तारीकरण की मांग को लेकर अधिवक्ता एवं समाजसेवी चौधरी रविराज सिंह चाहल द्वारा चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत सिद्ध समाधि बाबा क्षेमनाथ जी तीर्थ (नैमिषारण्य) के महंत बाल योगी दीनानाथ ने माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय रेल मंत्री को पत्र व ईमेल भेजकर रेल बजट शीघ्र मंजूर किए जाने की मांग की है। महंत दीनानाथ ने कहा कि संभल एक प्राचीन तीर्थ नगरी है, जहां 68 तीर्थ और 19 कूप स्थित हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार संभल में भगवान श्री कल्कि का अवतार होना है। श्री क्षेमनाथ तीर्थ पर देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन रेल सुविधा पर्याप्त न होने के कारण श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि संभल-गजरौला रेल लाइन का विस्तारीकरण होने से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र का आर्थिक विकास होगा, संभल को नई पहचान मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने माननीय प्रधानमंत्री से मांग की कि इस जनहितकारी परियोजना के लिए शीघ्र रेल बजट स्वीकृत किया जाए। कार्यक्रम में आदेश ठाकुर ने कहा कि यह मांग जनहित से जुड़ी हुई है और इसके पूर्ण होने से सर्व समाज का विकास संभव होगा। शोभित गुप्ता ने कहा कि संभल एक पिछड़ा क्षेत्र है, रेल लाइन के विस्तारीकरण से शहर और ग्रामीण इलाकों में विकास की नई राह खुलेगी तथा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। अधिवक्ता चौधरी रविराज सिंह चाहल ने कहा कि रेल लाइन विस्तारीकरण की मांग को लेकर संभल के नागरिकों और साधु-संतों में खासा उत्साह है। प्रतिदिन माननीय प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को पत्र व ईमेल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि सरकार इस मांग पर गंभीरता से संज्ञान लेकर शीघ्र रेल बजट मंजूर करे। इस अवसर पर शोभित गुप्ता, दीपक जोशी, मुनेंद्र कुमार एडवोकेट, रिंकू सिंह, महंत महेश शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




