Sambhal News: बेटियों के कदमों में हुनर, नृत्य सिखाकर आत्मनिर्भर बना रही कविता
Sambhal News: संबल की डांस टीचर कविता गुप्ता बेटियों को हुनरमंद बनाने में जुटी हैं। वह अपने घर पर डांस एकेडमी चलाकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को नृत्य का निशुल्क प्रशिक्षण देती हैं। उनका उद्देश्य बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके हुनर को रोजगार का माध्यम बनाना है।

Sambhal News: संभल। बेटियों को हुनरमंद बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नगर की डांस टीचर कविता गुप्ता अनूठी पहल कर रही हैं। गौशाला रोड निवासी कविता गुप्ता अपने घर में ही डांस एकेडमी चलाकर नगर की बेटियों को नृत्य की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दे रही हैं। उनका उद्देश्य बेटियों को सिर्फ नृत्य सिखाना ही नहीं, बल्कि उनके हुनर को भविष्य में रोजगार और आत्मनिर्भरता का माध्यम बनाना है। कविता गुप्ता खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को निशुल्क प्रशिक्षण देती हैं। वह उन्हें कथक समेत अन्य नृत्य विधाओं की बारीकियां सिखा रही हैं। उनका मानना है कि बेटियों के पास ऐसा हुनर होना चाहिए, जिससे जरूरत पड़ने पर वह अपने परिवार की आर्थिक मदद कर सकें।उनका
प्रयास है कि नृत्य में बेटियां इतनी दक्ष बनें कि वह कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने के साथ ही दूसरों को प्रशिक्षण देकर भी आमदनी कर सकें। इससे वह पिता का सहारा बनने के साथ शादी के बाद अपने परिवार की जिम्मेदारियों में भी आर्थिक योगदान दे सकेंगी। कविता का कहना है कि बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा के साथ हुनर देना भी बेहद जरूरी है।

