Sambhal News: रास्ता खाली कराने के नाम पर घूसखोरी का वीडियो वायरल, लेखपाल निलंबित
Sambhal News: गुन्नौर में 10 हजार रुपये की कथित घूसखोरी का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने लेखपाल प्रजेश कुमार को निलंबित कर दिया है। एसडीएम ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। वीडियो में घूस के लेनदेन का जिक्र है। प्रशासन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Sambhal News: गुन्नौर, संवाददाता। रास्ता खाली कराने के नाम पर 10 हजार रुपये की कथित घूसखोरी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम अवधेश कुमार वर्मा ने गुरुवार को जुनावई व नगला अजमेरी सर्किल में तैनात लेखपाल प्रजेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की कार्रवाई के बाद तहसील और राजस्व विभाग में खलबली मच गई। बताया गया कि पिछले दिनों लेखपाल प्रजेश कुमार का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ था। वीडियो में चकमार्ग से संबंधित एक मामले में रुपये के लेनदेन की बात कही जा रही थी।
इसमें कथित तौर पर 10 हजार रुपये आने, इनमें से सात हजार रुपये मिलने और बाकी तीन हजार रुपये की जानकारी नहीं होने की बात सामने आई थी। वीडियो उच्चाधिकारियों के संज्ञान में पहुंचने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।एसडीएम अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए लेखपाल को निलंबित किया गया है। प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


