Sambhal News: 36 भवन-दुकान मालिकों को नोटिस, दो ने नक्शे दाखिल किए
Sambhal News: विवादित श्रीहरिहर मंदिर बनाम जामा मस्जिद प्रकरण से जुड़े इलाके में प्रशासन ने बिना स्वीकृति निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। जामा मस्जिद के आसपास के 36 मकानों और दुकानों के मालिकों को नोटिस जारी किया गया है। मामले की अगली सुनवाई 17 सितंबर को होगी।

Sambhal News: विवादित श्रीहरिहर मंदिर बनाम जामा मस्जिद प्रकरण से जुड़े इलाके में बिना स्वीकृति निर्माण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी है। जामा मस्जिद के आसपास चिह्नित 36 मकान और दुकानों के मालिकों को जारी नोटिस की समय सीमा सोमवार को पूरी होने के बाद एसडीएम कोर्ट में सुनवाई हुई। करीब तीन घंटे चली सुनवाई में दो भवन मालिकों ने अपने निर्माण से संबंधित नक्शे दाखिल किए, जबकि 34 अन्य ने अपना पक्ष रखने के लिए अतिरिक्त समय मांगा। अब मामले की अगली सुनवाई 17 सितंबर को होगी। मामला संभल कोतवाली क्षेत्र के कोट पूर्वी और कोट गर्दी मोहल्ले का है। महायोजना-2031 के तहत विनियमित क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराए किए गए निर्माणों को प्रशासन ने चिह्नित किया था। प्रशासन के मुताबिक चंदौसी चौराहे से चौधरी सराय, जामा मस्जिद और टंडन चौराहे तक के इलाके में 36 मकान और दुकानें चिह्नित कर उनके मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं。
दो भवन मालिकों ने दाखिल किए नक्शे
बीते मंगलवार को सत्यव्रत पुलिस चौकी प्रभारी सतीश कुमार और विनियमित क्षेत्र के जेई सचिन कुमार ने संबंधित भवन मालिकों को नोटिस दिए थे। सोमवार को नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद एसडीएम कोर्ट में सुनवाई हुई। दो भवन मालिकों ने अपने निर्माण से संबंधित नक्शे कोर्ट में प्रस्तुत किए, जबकि बाकी 34 ने जवाब दाखिल करने और अपना पक्ष रखने के लिए अतिरिक्त समय मांगा।
जेई करेगा नक्शों की जांच
एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि दोनों भवन मालिकों की ओर से दाखिल किए गए नक्शों की जांच संबंधित जेई से कराई जाएगी। मौके पर किए गए निर्माण का मिलान स्वीकृत नक्शे से किया जाएगा। निर्माण नक्शे के अनुरूप है या नहीं, इसकी जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।
एसडीएम के अनुसार, इन सभी मामलों में आरबीओ एक्ट की धारा 10 के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विनियमित क्षेत्र में नियमों के विपरीत पाए जाने वाले निर्माणों के संबंध में जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।


