Sambhal News: मौसम ने फिर बदली करवट, काले बादलों से किसानों की बढ़ी चिंता
हिन्दुस्तान, संभल
Sambhal News: जनपद में मंगलवार को मौसम बदला, काले बादल छाए और ठंडी हवा चली। लोगों को गर्मी से राहत मिली लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई, क्योंकि धान की कटाई चल रही है। बारिश से फसल को नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिन में बारिश की संभावना जताई है।

Sambhal News: जनपद में मंगलवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे और ठंडी हवा चलती रही। तापमान में गिरावट होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहाना हो गया। हालांकि, बदले मौसम को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। धान की फसल की कटाई का काम तेजी से चल रहा है। ऐसे में बारिश होने पर खेतों में खड़ी और कटी पड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचने का डर किसानों को सता रहा है। वहीं आलू की अगैती फसल की तैयारी में जुटे किसानों को भी बारिश की चिंता है।
किसानों का कहना है कि बारिश होने से खेतों की तैयारी प्रभावित हो सकती है।मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिनों तक बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके चलते किसान मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं और जल्द से जल्द धान की फसल समेटने में जुटे हैं।


