Sambhal News: साइड लगने पर भड़का कार चालक, कैंटर चालक को सड़क पर उतारकर पीटा
Sambhal News: बुधवार शाम को बनियाठेर क्षेत्र के टी-प्वाइंट पर मामूली टक्कर के बाद कार चालक और आयशर कैंटर चालक के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि कार चालक ने कैंटर चालक के साथ मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर घायल चालक को अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू की।

Sambhal News: थाना बनियाठेर क्षेत्र के टी-प्वाइंट पर बुधवार शाम करीब छह बजे मामूली टक्कर के बाद कार और आयशर कैंटर चालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कार चालक ने कैंटर को रोककर चालक को नीचे उतार लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में कैंटर चालक बेहोश हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कैंटर चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। बताया गया कि गाजियाबाद निवासी आशीष कार की सर्विस कराने के बाद चन्दौसी मंडी की ओर से आ रहा था। इसी दिशा में लक्ष्मणगंज, चन्दौसी निवासी महेशपाल आयशर कैंटर लेकर पीछे से आ रहा था।
इसी दौरान कैंटर की साइड कार से लग गई। आरोप है कि साइड लगने के बाद कार चालक ने टी-प्वाइंट के पास कैंटर को रोक लिया और चालक को नीचे उतारकर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान कैंटर का शीशा भी तोड़ दिया गया। मारपीट होते देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच कैंटर चालक बेहोश होकर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को थाने भिजवाया और घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। बताया गया कि कैंटर चालक के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के संबंध में दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है।

