पोस्टमार्टम के बाद तिगरी धाम में अंतिम संस्कार, राजीखेड़ा में पसरा मातम
Sambhal News - राजीखेड़ा में मां की पेंशन को लेकर चल रहे विवाद में छोटे भाई बृज किशोर ने बड़े भाई संजीव कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। संजीव का अंतिम संस्कार गंगा घाट पर किया गया, जहां पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

थाना ऐंचौड़ा कंबोह के राजीखेड़ा में मां की पेंशन को लेकर चल रहे विवाद ने सोमवार को खूनी रूप ले लिया था। छोटे भाई बृज किशोर ने बड़े भाई संजीव कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही संजीव कुमार का शव गांव पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। आसपास के क्षेत्रों से भी तमाम लोग और रिश्तेदार शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। गांव में गहरा सन्नाटा पसरा रहा। मंगलवार दोपहर संजीव कुमार का अंतिम संस्कार तिगरी धाम गंगा घाट पर किया गया।
गंगा घाट पर नम आंखों के बीच उन्हें मुखाग्नि दी गई। परिजनों और ग्रामीणों ने भारी मन से अंतिम विदाई दी। संजीव कुमार की मौत के बाद घर में मातम छाया हुआ है। पत्नी नीरज देवी और मां ओमवती का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। दुख की इस घड़ी में परिवार के घर चूल्हा तक नहीं जला। गांव के लोगों का कहना है कि एक मामूली पारिवारिक विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



