संभल में सड़क हादसे में दुल्हन की मौत,दूल्हा समेत पांच गंभीर
आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर बहजोई के निकट अनियंत्रित कार पेड़ से जा टकराई। हादसे में मायके से विदा होकर ससुराल जा रही दुल्हन की मौत हो गई जबकि दूल्हे सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना...
आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर बहजोई के निकट अनियंत्रित कार पेड़ से जा टकराई। हादसे में मायके से विदा होकर ससुराल जा रही दुल्हन की मौत हो गई जबकि दूल्हे सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि जेसीबी से कार को हटाकर ग्रामीणों ने घायलों को बाहर निकाला। हादसे के बाद दुल्हन के मायके चंदौसी और ससुराल अनूपशहर में मातम पसरा है।
बुलंदशहर जनपद में अनूपशहर के निकट हिसावटी गांव निवासी कमल सिंह के बेटे मनोज की बारात बुधवार रात को चंदौसी के चुन्नी मोहल्ला में सुबोध के यहां आई थी। रात को सुबोध की बेटी शिवानी के साथ मनोज की शादी की रस्में पूरी हुईं और फिर गुरुवार सुबह साढ़े सात बजे बारात विदा हो गई। दुल्हन शिवानी व दूल्हा मनोज के साथ ही चार चार अन्य लोग कार में सवार हुए जबकि बाकी बाराती अन्य वाहनों में सवार होकर अनूपशहर के लिए चले। बहजोई के निकट बमनैटा गांव के सामने अचानक तेज गति कार अनियंत्रित हो गई। चालक कार को काबू नहीं कर पाया और कार सड़क किनारे पेड़ में जा घुसी। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अंदर घायल मदद के लिए चीख रहे थे। पेड़ में बुरी तरह फंसी कार से घायलों को निकालने के लिए जेसीबी मंगाई गई। जेसीबी से कार को पीछे हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत बहजोई के सरकारी अस्पताल भेजा गया जहां डाक्टरों ने दुल्हन शिवानी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल दूल्हा मनोज,हिसावटी निवासी मधु पत्नी गुलाब सिंह व मधु का आठ साल का बेटा प्रिंस,नीरज पत्नी बिरजू निवासी दिल्ली व कार चालक दीपक पुत्र नंदराम निवासी भौपुर जंगहीराबाद को इलाज के लिए मुरादाबाद रैफर कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद जहां चंदौसी में दुल्हन शिवानी के घर मातम पसर गया वहीं हिसावटी में दूल्हे के घर भी कोहराम मच गया।