दहेज उत्पीड़न को लेकर विवाहिता ने दर्ज कराया मुकदमा
एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अतिरिक्त दहेज की मांग करने का आरोप लगाया है। उसने 10 मई 2024 को हुई शादी के बाद ससुराल वालों द्वारा लगातार दहेज के लिए दबाव और मानसिक उत्पीड़न की शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अतिरिक्त दहेज की मांग करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक संभल से शिकायत की है। मामले में थाना हजरतनगर गढ़ी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना बनियाठेर क्षेत्र निवासी पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 10 मई 2024 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। विवाह में उसके पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार अपाचे मोटरसाइकिल, करीब दो लाख रुपये नकद तथा घरेलू सामान और उपहार दिए थे। आरोप है कि शादी के बाद भी ससुराल पक्ष के लोग दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे और कम दहेज लाने के ताने देते थे।पीड़िता
का कहना है कि पति साहुल पुत्र सुनील, ससुर सुनील, सास मीना, देवर रौनक, ननद सिमरन और एक अन्य महिला बबली निवासी रामलीला मैदान, कुंदरकी उस पर अतिरिक्त दहेज में स्विफ्ट कार और पांच लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाते थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। विवाहिता ने बताया कि इससे पहले भी कई बार उसके साथ मारपीट हुई, जिस पर पंचायत के माध्यम से समझौता कराया गया था। इस दौरान उसने एक पुत्र सौरभ को जन्म दिया, जिसकी उम्र करीब एक वर्ष है। आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद भी ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला और लगातार दहेज की मांग जारी रही। पीड़िता की तहरीर पर थाना हजरतनगर गढ़ी थाना पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


