संभल के मोती नगर गांव में खेत में मिला महिला का शव
संभल कोतवाली क्षेत्र में मक्का के खेत में अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर कोतवाल और सीओ मौके पर...
संभल कोतवाली क्षेत्र में मक्का के खेत में अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर कोतवाल और सीओ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। शव की शिनाख्त नहीं हो पाने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
शहर के मोहल्ला मल्ली सराय निवासी उस्मान का आदमपुर मार्ग पर खेत है। गुरुवार दोपहर को हयातनगर थानाक्षेत्र के गांव मोतीनगर निवासी अनिल कुमार और मनोज कुमार मक्का की फसल काट रहे थे। जब उन्हें बदबू आई तो खेत के अंदर जाकर देखा। मक्का के खेत के बीच में अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव पड़ा हुआ था। यह देख उन्होंने उस्मान को मामले की जानकारी दी। सूचना पर उस्मान खेत पर पहुंचा और अज्ञात महिला के शव को देख घबरा गया। वह तुरंत चौधरी सराय पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को मामले की जानकारी दी। अज्ञात महिला का मक्का के खेत में शव मिलने से पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कोतवाल अमित कुमार और सीओ अरुण कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन शिनाख्त नहीं हो पाई। अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो पाने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। कोतवाल अमित कुमार का कहना है कि अज्ञात महिला का शव मिला है। प्रथम दृष्टया महिला मांग कर खाने वाली प्रतीत हो रही है। शव पोस्टमार्टम को भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।