
डीएम, सीडीओ ने पशु टीकाकरण वाहन को हरी झंडी दिखाई
Sambhal News - डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और अन्य अधिकारियों ने पशु टीकाकरण के लिए एक सचल वाहन को रवाना किया। यह अभियान खुरपका-मुंहपका बीमारी के खिलाफ है, जिससे पशुओं में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं।...
डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया, सीडीओ गोरखनाथ भट्ट व एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई समेत अन्य अधिकारियों ने कलक्ट्रेट परिसर से पशु टीकाकरण सचल वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले के सभी पशु पालकों के गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं के लिए पशु पालन विभाग द्वारा खुरपका-मुंहपका टीकाकरण का अभियान बुधवार से लगातार जारी रहेगा। जिले के आठ विकासखंडों में 16 टीमों को लगाया गया है। टीमें पशुओं में खुरपका-मुंहपका बीमारी की रोकथाम को घर-घर जाकर निशुल्क टीकाकरण करेंगी। सीवीओ डॉ. शैलेंद्र सिंह ने बताया कि खुरपका-मुंहपका एक छुआछूत की घातक बीमारी है, जिसमें जुगाली करने वाले पशुओं में तेज बुखार, मुंह तथा पैरों में छाले पड़ जाते हैं।

पशु चारा खाना बंद कर देता है, जिससे पशुओं की मृत्यु तक हो सकती है। इस बीमारी से पशुओं की उत्पादन क्षमता भी कम हो जाती है। सभी पशु पालकों से अपील की गई कि वह अपने-अपने पशुओं में खुरपका-मुंहपका बीमारी की रोकथाम को टीकाकरण जरूर कराएं। डीएम व सीडीओ ने कहा कि कोई भी पशु टीकाकरण से छूटने न पाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


