पिता की डांट से आहत किशोरी ने उठाया खौफनाक कदम, जहर खाने से मौत
Sambhal News - चंदौसी तहसील क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी ने पिता की डांट से आहत होकर कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

संभल, संवाददाता। चंदौसी तहसील क्षेत्र में पिता की डांट से आहत होकर 15 वर्षीय किशोरी द्वारा जहर खाने का मामला सामने आया है। परिजनों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार बहजोई कोतवाली क्षेत्र के बहापुर पट्टी गांव निवासी विजेंद्र की 15 वर्षीय पुत्री रजनी बुधवार रात करीब नौ बजे मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रही थी। इसी बात को लेकर पिता ने उसे डांट दिया। परिजनों के मुताबिक डांट से नाराज होकर किशोरी अपने कमरे में चली गई और वहां रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया।
कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी और वह जमीन पर गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे तो किशोरी तड़प रही थी। आनन-फानन में 108 एंबुलेंस से उसे बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी संत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कीटनाशक पदार्थ के सेवन से मौत की बात सामने आई है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और मामले की जांच बहापुर पट्टी पुलिस चौकी को सौंपी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


