शोहदों ने किशोरी से किया सामूहिक दुष्कर्म, भाई को फोन कर बोले- रेप कर दिया है
संभल में किशोरी को अगवा कर चार युवकों ने जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने पीड़िता के चचेरे भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

Sambhal News: यूपी के संभल के बनियाठेर थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार रात इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। घर में अकेली किशोरी को अगवा कर चार दरिंदों ने जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों का दुस्साहस इतना था कि वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने पीड़िता के चचेरे भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी ने गांव पहुंचकर पड़ताल शुरू की। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश में दबिशें देनी शुरू कर दी हैं।
बुधवार रात किशोरी घर पर अकेली थी। उसकी मां और परिवार के अन्य सदस्य गांव में ही एक लग्न समारोह में गए थे, जबकि पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं। इसी सन्नाटे का फायदा उठाकर गांव का ही विवेक नामक युवक बाइक लेकर वहां पहुंचा। घर का दरवाजा अंदर से बंद था, तो वह छत के रास्ते आंगन में उतर गया। आरोप है कि वह किशोरी को बहला-फुसलाकर बाहर ले आया, जहां उसके तीन अन्य साथी गौरव, अमन और शिवा पहले से घात लगाए खड़े थे। आरोपी किशोरी का मुंह दबाकर उसे बाइक पर बैठाकर दूर जंगल में ले गए। वहां एक खेत में दरिंदों ने किशोरी के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। इसके बाद किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। हैवानियत के बाद आरोपी उसे मरणासन्न और बदहवास हालत में खेत में छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद गांव में तनाव, बढ़ाई चौकसी
किशोरी को घर से अगवा कर गैंगरेप किए जाने की घटना सामने आने के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। आरोपियों के भी उसी गांव के रहने की बात सामने आ रही है, ऐसे में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। मामले में पुलिस टीमें पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। हालांकि अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह का कहना है कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने के प्रयास में जुटी है उन्हें जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
भाई को फोन कर दी चुनौती, रास्ते में मिली बहन
वारदात के बाद एक आरोपी ने किशोरी के चचेरे भाई को फोन किया और बहन के साथ हुए दुष्कर्म की जानकारी देकर सनसनी फैला दी। सूचना मिलते ही परिजन बदहवास होकर जंगल की ओर भागे। रास्ते में किशोरी बदहवास हालत में आती हुई मिली। गुरुवार सुबह दिल्ली से पिता के लौटने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। एएसपी कुलदीप सिंह और सीओ दीपक तिवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप कुमार सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दो युवकों ने दुष्कर्म किया और दो वहां रखवाली पर खड़े थे। हालांकि, पिता की तहरीर के आधार पर विवेक, गौरव, अमन और शिवा के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं, जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे।
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

