गुलाब जईसन खिलल बाडू… संभल एसपी कृष्ण बिश्नोई का होली डांस वायरल, कीचड़ में जमकर झूमे
संभल में पुलिस लाइन में होली मिलन समारोह के दौरान एसपी कृष्ण विश्नोई ने पुलिसकर्मियों के साथ जमकर होली खेली। शिकारियों वाली हैट पहनकर जिप्सी से एंट्री ली और फिल्मी व भोजपुरी गानों पर डांस किया। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यूपी में होली का रंग अभी भी देखने को मिल रहा है। आम लोगों की होली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के बाद अब पुलिसकर्मी भी अपने अंदाज में त्योहार का आनंद ले रहे हैं। संभल जिले की पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन समारोह में पुलिसकर्मियों ने जमकर रंग और गुलाल उड़ाया। इस दौरान जिले के एसपी कृष्ण बिश्नोई भी पुलिसकर्मियों के साथ होली के रंग में रंगे नजर आए। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी कृष्ण विश्नोई का अनोखा अंदाज देखने को मिला।
हैट लगाकर थिरके एसपी कृष्ण बिश्नोई
उन्होंने शिकारियों जैसी हैट पहनकर खुली जिप्सी से पुलिस लाइन में एंट्री की। जिप्सी पर खड़े होकर उन्होंने फिल्मी अंदाज में डांस किया और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ा दिया। इसके बाद वह जिप्सी से नीचे उतरे और पुलिसकर्मियों के साथ डांस करने लगे।
भोजपुरी गाने पर नाचे संभल एसपी
कार्यक्रम के दौरान जैसे ही गानों की धुन बजनी शुरू हुई, पूरा माहौल उत्सव में बदल गया। ‘पीले-पीले ओ मेरे जानी’ और भोजपुरी के लोकप्रिय गाने ‘गुलाब जइसन खिलल बाड़ू’ की धुन पर एसपी कृष्ण विश्नोई और पुलिसकर्मी जमकर झूमते नजर आए। इस दौरान पुलिस लाइन का पूरा परिसर रंगों और गुलाल से सराबोर हो गया। मस्ती के माहौल में एसपी ने फायर ब्रिगेड की पाइप से पानी की बौछार भी कराई, जिससे पुलिसकर्मी और भी ज्यादा उत्साहित हो गए। कई जवानों ने रंग और पानी से एक-दूसरे को भिगोया।
संभल में पुलिसवालों ने खेली होली
इस बीच एसपी ने कुछ पुलिसकर्मियों के साथ पुशअप भी लगाए और हंसी-मजाक का माहौल बना दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने मजाकिया अंदाज में कुछ जवानों को पानी से भरे गड्ढे में धकेल दिया और बाद में खुद भी उसमें उतरकर हरियाणवी गानों पर डांस करते नजर आए। इस कार्यक्रम में एएसपी कुलदीप सिंह और सीओ कुलदीप कुमार समेत कई अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और संगीत की धुन पर मस्ती भरे अंदाज में डांस किया।
एसपी कृष्ण विश्नोई का यह अंदाज वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को काफी पसंद आया। कई जवानों ने इस पूरे कार्यक्रम को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एसपी और पुलिसकर्मी पूरे उत्साह के साथ होली का आनंद ले रहे हैं।
पहले भी हुआ था वीडियो वायरल
दरअसल, यह पहला मौका नहीं है जब एसपी कृष्ण विश्नोई का ऐसा अलग अंदाज देखने को मिला हो। पिछले साल भी होली के दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह फिल्मी गाने पर डांस करते नजर आए थे। इस बार भी उनका नया वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।


