सपा सांसद बर्क के डॉक्टर बहनोई पर रेप की FIR, पीड़ित नर्स बोली- अबॉर्शन की दवाएं खिलाईं
एफआईआर में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी डॉक्टर ने करीब तीन वर्षों तक उसे ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण किया। इस दौरान वह उसे कई शहरों के होटलों में ले जाता रहा और वहां उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।

संभल जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के बहनोई पर एक नर्स ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला संभल कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा है। पीड़िता मुरादाबाद के कुंदरकी थाना क्षेत्र की निवासी है। उसने अपनी तहरीर में बताया कि 7 दिसंबर 2022 को उसने नखासा क्षेत्र के मोहल्ला दीपा सराय स्थित गैरतपुरा निवासी डॉ. जैद के बिस्मिल्लाह हॉस्पिटल में नर्स के रूप में नौकरी ज्वाइन की थी। नौकरी के दौरान ही डॉक्टर उस पर गलत नजर रखने लगा और धीरे-धीरे उसे अपने जाल में फंसा लिया।
पीड़िता के अनुसार, 15 सितंबर 2022 को उसकी तबीयत खराब हो गई थी। इसी दौरान डॉ. जैद अस्पताल के ऊपर बने उसके कमरे में पहुंचे और उसे दवा देकर चले गए। दवा खाने के बाद वह बेहोश हो गई। अगले दिन होश में आने पर डॉक्टर ने उसे कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाईं और धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो उसकी नौकरी खत्म कर दी जाएगी और तस्वीरें वायरल कर दी जाएंगी।
FIR में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इसके बाद आरोपी डॉक्टर ने करीब तीन वर्षों तक उसे ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण किया। इस दौरान वह उसे नैनीताल, हल्द्वानी, बरेली और रामपुर जैसे शहरों के होटलों में ले जाता रहा और वहां उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता का यह भी आरोप है कि कई बार उसे गर्भनिरोधक और गर्भपात की दवाएं भी जबरन खिलाई गईं, ताकि घटना का खुलासा न हो सके।
पीड़िता ने बताया कि आखिरी बार 19 अगस्त 2024 को आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जिसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी और मुरादाबाद में ही दूसरी जगह काम करने लगी। लंबे समय तक मानसिक दबाव और डर के कारण वह चुप रही, लेकिन आखिरकार उसने अपनी मां को पूरी घटना के बारे में बताया। जब पीड़िता की मां ने आरोपी के पिता मोहम्मद असलम से शिकायत की, तो उन्होंने कथित तौर पर गाली-गलौज कर उन्हें भगा दिया। इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
वहीं, इस मामले में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने सफाई देते हुए कहा है कि उनका आरोपी डॉक्टर से अब कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि उनकी बहन का डॉ. जैद से करीब डेढ़ साल पहले तलाक हो चुका है। पुलिस अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


