डबल इंजन सरकार में डिब्बे टूटकर ‘डबल’ हो रहे, लुधियाना हादसे के बाद अखिलेश का तंज

लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

डबल इंजन सरकार में डिब्बे टूटकर ‘डबल’ हो रहे। लुधियाना रेलवे स्टेशन पर हादसे का शिकार हुई वैष्णो देवी की ट्रेन की वीडियो शेयर करके समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार को घेरते हुए तंज कसा है।

Ludhiana Train Accident

लुधियाना रेलवे स्टेशन पर शनिवार की सुबह नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जा रही स्पेशल ट्रेन जैसे ही स्टेशन से रवाना होने लगी, तकनीकी खराबी के कारण स्लीपर कोच बीच से फट गया। इसी की एक वीडियो शेयर करते हुए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। केंद्र सरकार के डबल इंजन की सरकार के नारे को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि डबल इंजन सरकार में डिब्बे टूटकर ‘डबल’ हो रहे हैं। अखिलेश यादव का कहना है कि बीजेपी सरकार जाने के बाद ही अब देश की तरक्की हो पाएगी।

अखिलेश यादव ने एक्स पर अपने सोशल मीडिया अकाउंट से ट्रेन हादसे का एक वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो के साथ अखिलेश यादव ने लिखा कि ‘डबल इंजन’ का दावा करनेवालों की सरकार में डिब्बे ही टूटकर ‘डबल’ हो रहे हैं। ये तो पहले ही कहा जा रहा था कि भाजपा में सिर्फ़ डबल इंजन ही नहीं डिब्बे भी टकरा रहे हैं। अब लुधियाना से आया ये वीडियो सारा सच बयां कर रहा है। भाजपा का भ्रष्टाचार ही हर चीज़ के निर्माण में घटिया क्वॉलिटी के लिए ज़िम्मेदार है। भाजपा का लालच आम जनता के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। भाजपा की गाड़ी बेपटरी हो गई है। भाजपा जाए तो देश की तरक़्क़ी वापस पटरी पर आए!

तकनीकी खराबी के कारण स्लीपर कोच बीच से फटा

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:45 बजे ट्रेन के रवाना होने के दौरान स्लीपर कोच में तेज झटका लगा। इसी दौरान कोच के शौचालय के पास का हिस्सा अचानक क्षतिग्रस्त होकर आंशिक रूप से दो भागों में विभाजित हो गया। घटना के दौरान शौचालय का ढांचा भी टूटकर रेलवे ट्रैक पर गिर गया। कोच में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गयी।

रेलवे अधिकारी और आपातकालीन दल मौके पर पहुंचे तथा कोच से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उसे ट्रेन से अलग कर दिया। लुधियाना स्टेशन निदेशक आदित्य ने बताया कि ट्रेन में एक वैकल्पिक कोच जोड़ दिया गया, जिसके बाद ट्रेन को बिना किसी विशेष विलंब के कटरा के लिए रवाना कर दिया गया।

रेलवे ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। राजकीय रेलवे पुलिस के उपाधीक्षक तेजपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की साजिश या तोड़फोड़ के प्रमाण नहीं मिले हैं। यदि यह खराबी ट्रेन के तेज गति से चलने के दौरान हुई होती तो इसके परिणाम कहीं अधिक गंभीर हो सकते थे।

Srishti Kunj

लेखक के बारे में

Srishti Kunj

सृष्टि कुंज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया इंडस्ट्री में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। उन्होंने पंजाब केसरी ग्रुप के नवोदय टाइम्स और इंडिया न्यूज जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ काम किया है, जहां उन्होंने नेशनल और दिल्ली डेस्क के लिए कंटेंट क्रिएशन और मल्टीमीडिया स्टोरीटेलिंग में अपनी स्किल्स को निखारा है। सृष्टि कुंज लाइव हिन्दुस्तान में लगभग 6 वर्षों से यूपी की टीम संग काम कर रही हैं। 2020 से वह हिन्दुस्तान डिजिटल के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बीटों से जुड़ीं खबरें लिखती हैं। सृष्टि ने अपनी स्कूलिंग के बाद एनिमेशन की पढ़ाई की और फिर बतौर एनिमेटर एक विदेशी गेम के लिए कैरेक्टर डिजाइनिंग की। इसके बाद सृष्टि ने मॉस कम्यूनिकेशन और जर्नलिजम में स्नातक की डिग्री हासिल की। एक दशक से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय सृष्टि ने जर्नलिज्म एंड मास कॉम में डिग्री लेकर पंजाब केसरी ग्रुप के दिल्ली संस्करण नवोदय टाइम्स की डिजिटल टीम के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। 3 साल नवोदय टाइम्स से जुड़े रहने के बाद सृष्टि ने इंडिया न्यूज की डिजिटल टीम (इनखबर) की नेशनल डेस्क के साथ भी काम किया। 2020 से सृष्टि लाइव हिन्दुस्तान की डिजिटल टीम के साथ अब ट्रेंड्स के अनुसार पाठकों तक यूपी की हर खबर को पहुंचा रही हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।