मैंने ही गोली मारी…, पुलिस कस्टडी में बहन पर फायरिंग करने वाले भाई का वीडियो वायरल
यूपी के सहारनपुर में पुलिस अभिरक्षा में भाई की गोली का शिकार हुई युवती राखी की एम्स ऋषिकेश में मौत हो गई। आरोपी भाई मोंटी ने गिरफ्तारी से पहले इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर अपनी बहन की हत्या की बात कबूल की है। पुलिस दूसरे फरार भाई की तलाश कर रही है।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस कस्टडी के भीतर सरेआम अपनी बहन को गोली मारने की खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाले भाई का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह कबूल कर रहा है कि उसी ने गोली मारी है। वहीं, भाई की गोली की शिकार बहन ने 28 घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद दम तोड़ दिया है। मुख्य आरोपी भाई को अब गिरफ्तार भी कर लिया गया है। उसने वीडियो के साथ ही पुलिस के सामने भी अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी घटना को और भी झकझोर देने वाला बना दिया है।
पुलिस की सुरक्षा में मारी थी सिर में गोली
16 मार्च को बहन राखी अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। परिवार वालों ने प्रेमी के खिलाफ किडनैप करने की एफआईआर दर्ज करा दी। इसके बाद सोमवार को राखी खुद थाने पहुंची और प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई। इस पर पुलिस उसे मेडिकल परीक्षण के लिए ले गई। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी में बैठी राखी पर उसके दो भाइयों मोंटी और रवि ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली राखी के सिर में जा लगी। हैरानी की बात यह है कि उस वक्त कार में महिला कांस्टेबल और सब-इंस्पेक्टर भी मौजूद थे, जो बाल-बाल बचे।
एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान मौत
गोली लगने के बाद राखी को गंभीर हालत में सहारनपुर से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था।डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद युवती को बचाया नहीं जा सका और मंगलवार शाम उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव रामखेड़ी में मातम पसर गया है।
भाई का इंस्टाग्राम पर वीडियो: "हाँ, मैंने ही गोली मारी"
गिरफ्तारी से ठीक पहले मुख्य आरोपी भाई मोंटी ने इंस्टाग्राम पर एक 41 सेकंड का वीडियो अपलोड किया। वीडियो में उसने बिना किसी पछतावे के कहा, "राखी मेरी बहन थी और उसे मैंने ही गोली मारी है। हमने उसे बहुत समझाया, पर वह नहीं मानी। इसमें मेरे परिवार की कोई गलती नहीं है।" उसने यह भी दावा किया कि उसके माता-पिता ने उसे रोकने की कोशिश की थी। वीडियो के अंत में उसने पुलिस के सामने सरेंडर करने की बात कही, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गांव में सन्नाटा, प्रेमी का परिवार फरार
इस वारदात के बाद से गांव रामखेड़ी और प्रेमी लवकुश के गांव कंधेला में सन्नाटा पसरा हुआ है। लवकुश और उसके चचेरे भाई गोविंद के घरों पर ताले लटके हैं और उनका पूरा परिवार पुलिस के डर से फरार है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चार विशेष टीमें गठित की हैं और दूसरे फरार भाई रवि की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। यह घटना न केवल एक परिवारिक त्रासदी है, बल्कि पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षा की बड़ी चूक को भी उजागर करती है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


