
उधार रुपये वापस नहीं मिलने पर युवक ने जहर खाने का वीडियो किया वायरल
Saharanpur News - थाना क्षेत्र में उधारी के सात लाख रुपये न मिलने से मानसिक तनाव में आए युवक ने जहर खाने का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक है। उसने दुकानदार और उसके साथियों पर रुपये वापस न करने का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र में उधारी के सात लाख रुपये वापस न मिलने से मानसिक तनाव में आए युवक ने जहर खाने का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वीडियो वायरल होते ही ग्रामीण युवक की तलाश में जुट गए और उसे अचेत अवस्था में पाकर गंगोह के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। हालांकि हिंदुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। अंबेहटा क्षेत्र के गांव टिडोली निवासी कादिर राणा पुत्र आलीम का आरोप है कि अंबेहटा के एक दुकानदार आरिफ के पास उसके सात लाख रुपये पिछले एक वर्ष से बकाया थे।
पीड़ित के भाई सलमान ने बताया कि दुकानदार ने बहला-फुसलाकर कादिर से रुपये उधार लिए थे, लेकिन बार-बार मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं किए। आरोप है कि दुकानदार के पास बैठने वाले नौशाद, मास्टर कादिर और लियाकत भी रुपये न लौटाने के लिए उसे उकसाते रहे। लगातार टालमटोल और मानसिक दबाव से परेशान होकर कादिर राणा ने जहर का सेवन कर लिया और इसका लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि जहर खाने वाले युवक के बयान दर्ज कर लिए गए हैं, जिसमें उसने चार लोगों के नाम बताए हैं। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




