Saharanpur News: मंगेतर ने रिश्ता टूटने पर युवती को बनाया ब्लैकमेलिंग का शिकार
Saharanpur News: अश्लील वीडियो-फोटो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी युवती के भाई की शिकायत

Saharanpur News: सहारनपुर। रिश्ता टूटने से नाराज एक युवक पर मंगेतर को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। युवती के भाई का आरोप है कि मेरठ निवासी युवक ने उसकी बहन को बहला-फुसलाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया और फोटो भी खींच लिए। अब वह वीडियो-फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर युवती पर दबाव बना रहा है। शिकायत के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके परिवार ने अपनी बहन का रिश्ता मेरठ के आरटीओ रोड स्थित दुआ अस्पताल निवासी अलीम से तय किया था।
रिश्ता तय होने के बाद परिवार को कथित तौर पर युवक के बारे में ऐसी जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने रिश्ता समाप्त कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, रिश्ता टूटने के बाद अलीम ने उसकी बहन को बहला-फुसलाकर उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली और फोटो भी खींच लिए। आरोप है कि इसके बाद से युवक वीडियो और फोटो को लेकर युवती को लगातार ब्लैकमेल कर रहा है। युवती के भाई का आरोप है कि आरोपी धमकी दे रहा है कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई तो वीडियो और फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने के साथ ही रिश्तेदारों को भी भेज दिए जाएंगे। इससे युवती और उसका परिवार मानसिक रूप से परेशान है। नगर कोतवाल राजीव कौशिक ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


