50 लाख की फिरौती न देने पर लकड़ी व्यापारी पर की फायरिंग, हड़कंप
Saharanpur News - थाना बेहट क्षेत्र में एक लकड़ी व्यापारी को 50 लाख रुपये की फिरौती न देने पर अज्ञात बदमाशों ने गोलीबारी की। व्यापारी बाल-बाल बच गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित व्यापारी ने पहले ही एसएसपी को जान का खतरा बताते हुए शिकायत की थी।
थाना बेहट क्षेत्रांतर्गत एक लकड़ी व्यापारी को 50 लाख रुपये की फिरौती न देने पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। हमले में व्यापारी बाल बाल बचा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को घटना स्थल पर बुलाकर जांच कराई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना रविवार रात करीब 8 बजे गांव मांझीपुर के निकट की है। गांव मांझीपुर निवासी लकड़ी व्यापारी आदित्य सिंह उर्फ आदि पुत्र बृजपाल अपने दोस्त के साथ कार से गांव के पास ही निर्माणाधीन अपने धर्म कांटे पर गया था।
आरोप है कि जब वह गाड़ी से उतरकर कांटे पर गया तो इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने कांटे की बाहर खड़ी कार की ड्राइवर की खिड़की की ओर शीशे से सटाकर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर वे अंधेरे में दुबक गए और बदमाशों के जाने के बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। पीड़ित व्यापारी आदित्य कुमार ने बताया कि हरियाणा के यमुनानगर में लकड़ी का आढ़ती है और पूर्व में उसके मोबाइल पर 24, 25 और 26 अक्टूबर 2025 को एक कॉल आई और कॉलर ने अपना नाम नोनी राणा बताते हुए 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी और ना देने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी थी। जिसके बाद पीड़ित ने एसएसपी सहारनपुर को शिकायती पत्र देकर जान माल की सुरक्षा किए जाने की मांग की थी। एसएसपी के आदेश पर कोतवाली बेहट में 27 अक्टूबर को घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था और तब से अब तक पुलिस केवल जांच की बात कर रही है। इंस्पेक्टर सतपाल भाटी का कहना है कि अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी पर गोली चलाने की घटना हुई है, तहरीर मिली है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




