आरपीएफ के बाद अब जीआरपी भी ट्रेनों में सफर करने वाली महिला यात्रियों की मदद के लिए तत्पर रहेगी। इसके लिए जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर महिला हेल्प डेस्क की स्थापना कर दी है। महिला हेल्प डेस्क पर महिला सिपाही को तैनात कर दिया गया है।
पिछले दिनों आरपीएफ ने ट्रेनों में अकेले सफर करने वाली महिलाओं की सहायता और निगरानी के लिए मेरी सहेली टीम का गठन किया। मेरी सहेली टीम प्रत्येक स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही महिला यात्रियों से संपर्क करती है और समस्या होने पर समाधान भी करती है।
प्रदेश सरकार के निर्देश पर ट्रेनों में सफर करने वाली महिला यात्रियों की सहायता करने के लिए जीआरपी ने महिला हेल्प डेस्क का गठन किया है। इसके तहत सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने महिला हेल्प डेस्क खोल दिया है। यहां महिला सिपाही रोस्टर के अनुसार तैनात रहेगी।
रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही जीआरपी की महिला टीम महिला की मदद के लिए पहुंच जाएगी। स्टेशन परिसर में महिला यात्रियों को किसी प्रकार की समस्या होने पर महिला हेल्प डेस्क के पुलिस कर्मी मदद करेंगे।
उधर, जीआरपी इंस्पेक्टर राशिद अली ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के आदेश पर महिला हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। यह 24 घंटे काम करेगी। महिला यात्रियों की समस्या का समाधान कराने का प्रयास करेगी।