महिला की जमीन पर कब्जे का प्रयास, लाठी-डंडों से पीटा, चार भाइयों पर केस
Saharanpur News - मानकपुर में एक बेबस महिला ओमवती ने अपनी कृषि भूमि पर जबरन कब्जे का विरोध किया तो चार भाइयों ने उसके साथ मारपीट की और जातिसूचक गालियां दीं। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू की है।

बेहट। थाना क्षेत्र के ग्राम मानकपुर में एक बेबस महिला की जमीन पर जबरन कब्जा करने और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट व जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। ग्राम पानसर निवासी ओमवती पत्नी स्व मांगेराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी कृषि भूमि मानकपुर में स्थित है, जिस पर वह और उनके पुत्र लंबे समय से काबिज हैं। पीड़ित न अनुसार, भूमि को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, जिस पर हल्का लेखपाल द्वारा पैमाइश कर सीमांकन करते हुए खंभे लगवाए गए थे।
आरोप है कि बीते वर्ष 8 दिसंबर को अशरफ, शराफत, इसरार और मुशर्रफ पुत्रगण अकबर निवासी ग्राम भोजेवाला ने एकराय होकर लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने पैमाइश के खंभे उखाड़ दिए और ट्रैक्टर से जमीन जोतकर जबरन अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने ओमवती के साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पीड़िता के पुत्रों ने पुलिस 112 पर कॉल भी की, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद कब्जे का प्रयास नहीं रुका। पीड़िता का कहना है कि वह गांव में बेटों के साथ अकेली रहती है और दबंग लगातार उसकी जमीन हड़पने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




