पहली पत्नी के नाम पर कर्ज लेकर की दूसरी शादी
Saharanpur News - पंजाब की एक महिला ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय में शिकायत दी, जिसमें उसने अपने पति पर धोखाधड़ी और दूसरी शादी करने का आरोप लगाया। महिला का कहना है कि युवक ने उसे काम दिलाने के बहाने चंडीगढ़ ले जाकर उसके नाम पर कर्ज लिया और बाद में संपर्क बंद कर दिया। महिला के पांच बच्चे हैं, जिनमें से तीन की मौत हो चुकी है।

पुलिस लाइन पहुंची पंजाब निवासी एक महिला ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर अपने कथित पति पर धोखाधड़ी और उसे छोड़कर दूसरी शादी करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि करीब नौ वर्ष पहले उसकी युवक से पहचान हुई थी, जिसके बाद दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। बाद में युवक उसे अपने पैतृक गांव ले आया, जहां वह ससुराल में रहने लगी। पीड़िता के अनुसार कुछ समय बाद युवक उसे काम दिलाने के बहाने चंडीगढ़ ले गया और किराये के मकान में रखा। इसी दौरान उसने महिला के नाम पर लगभग दो लाख रुपये का कर्ज ले लिया।
आरोप है कि कर्ज लेने के बाद युवक ने धीरे-धीरे संपर्क कम कर दिया और कई महीनों तक उसका फोन नंबर बंद रखा। महिला का दावा है कि उससे उसके पांच बच्चे हुए, जिनमें तीन की मौत हो चुकी है, जबकि एक बेटा और एक बेटी उसके साथ हैं। हाल ही में उसे जानकारी मिली कि युवक ने दूसरी शादी कर ली है और नई पत्नी के साथ रह रहा है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस दूसरी शादी की जानकारी युवक के परिजनों को भी थी। महिला ने मारपीट, धोखाधड़ी, परित्याग और दूसरी शादी के मामले में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




