
घायल जंगली जानवर ने तड़प-तड़प कर तोड़ा दम
Saharanpur News - मिर्जापुर-शेरपुर पेलो संपर्क मार्ग पर एक बाग में घायल अवस्था में पड़े जंगली जानवर ने दम तोड़ दिया। वन विभाग को सूचना देने के बावजूद टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में रोष है। उनका आरोप है कि समय पर मदद मिलती तो जानवर की जान बचाई जा सकती थी।
क्षेत्र के मिर्जापुर-शेरपुर पेलो संपर्क मार्ग पर स्थित एक बाग में घायल अवस्था में पड़े जंगली जानवर ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। सूचना दिए जाने के बावजूद वन विभाग की टीम के मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। बताया जा रहा है कि सामाजिक वानिकी बेहट के अंतर्गत आने वाले मिर्जापुर से शेरपुर पेलो जाने वाले मार्ग पर राजबाहे के पास रविवार शाम राहगीरों को एक बाग में जंगली जानवर घायल अवस्था में पड़ा मिला। जानवर की हालत देखकर ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर वन विभाग की टीम पहुंच जाती तो जंगली जानवर की जान बचाई जा सकती थी। उपचार के अभाव में जानवर ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखने को मिली। इस संबंध में जब सामाजिक वानिकी बेहट के वन दरोगा सचिन कुमार से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि उक्त क्षेत्र उनकी बीट में नहीं आता है। इस बयान के बाद भी विभागीय लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




