निकाह का झांसा देकर शोषण, शादी के बाद पीटकर घर से निकाला
पहले पति की मौत के बाद एक महिला को प्रेमजाल में फंसाकर निकाह का झांसा दिया गया। आरोपी ने शादी के बाद दहेज के लिए मारपीट की और महिला को घर से निकाल दिया। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

पहले पति की मौत के बाद प्रेमजाल में फंसाकर निकाह का झांसा देने, शारीरिक शोषण करने और शादी के बाद दहेज के लिए मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। थाना जनकपुरी क्षेत्र निवासी पीड़िता की तहरीर पर एसएसपी के आदेश पर महिला थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़िता के अनुसार पहले निकाह के बाद पति की मौत होने पर वह पिता के घर रह रही थी, जहां आरोपी गुलबहार का आना-जाना था। उसने शादी का झांसा देकर पीड़िता का शोषण किया और गागलहेडी स्थित मकान बिकवाकर 11 लाख रुपये हड़प लिए। दबाव पर 25 अक्टूबर 2025 को मुस्लिम रीति से निकाह हुआ।
इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग कार व पांच लाख रुपये नकद की मांग करने लगे। विरोध पर एक जून को सुबह करीब नौ बजे पीड़िता को मारपीट कर पहने कपड़ों में घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने आरपी गुलबहार, शहजाद, इन्तजार, इस्तखार पुत्रगण मौहम्मद शफी व हाशमी पत्नी मौहम्मद शफी, निवासीगण ग्राम कमेशपुर थाना फतेहपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


