सहारनपुर : शाकंभरी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, कॉरिडोर का निरीक्षण कर मंदिर में किए दर्शन
Saharanpur News - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में मां शाकंभरी देवी मंदिर में पूजा की और शाकंभरी पर्यटन कॉरिडोर के निर्माण का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और आगामी चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों पर चर्चा की।
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को सहारनपुर पहुंचे और सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने शाकंभरी पर्यटन कॉरिडोर की निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए। मुख्यमंत्री करीब एक घंटा 24 मिनट सहारनपुर में रहे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर शनिवार दोपहर करीब 3:40 बजे नगला माफी स्थित हेलीपैड पर उतरा। वहां से वह सीधे शाकंभरी क्षेत्र पहुंचे और निर्माणाधीन शाकंभरी पर्यटन कॉरिडोर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर और मल्टीलेवल पार्किंग समेत श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और आगे की कार्ययोजना की जानकारी दी।निरीक्षण
के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यों को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शाकंभरी धाम प्रदेश का महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसलिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।इसके बाद मुख्यमंत्री ने सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में उन्होंने कुछ समय बिताया और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की। बैठक में सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर निर्देश दिए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम करीब 5:04 बजे सहारनपुर से रवाना हो गए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


