एसआईआर: नगर विधानसभा में मृतक मतदाताओं का दोबारा होगा सत्यापन
Saharanpur News - उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने मृतक मतदाताओं के दोबारा सत्यापन के निर्देश दिए और संबंधित बूथों की स्थिति पर चर्चा की। नगर विधानसभा क्षेत्र में स्थानांतरित मतदाताओं की संख्या अधिक पाई गई। फार्म-6 की संख्या बढ़ाने के लिए प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने मंगलवार को अर्हता तिथि एक जनवरी के आधार पर की जा रही प्रक्रिया को लेकर जनपद में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की और नगर विधानसभा में मृतक मतदाताओं के दोबारा सत्यापन करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से बूथवार जानकारी ली और कार्य की प्रगति की गहन समीक्षा की। नकुड़ विधानसभा क्षेत्र में मृत्यु का प्रतिशत कम पाए जाने पर कारण पूछे गए। इस पर अधिकारियों ने बताया कि संबंधित बूथों का स्वयं तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा सत्यापन कराया गया है और स्थिति सही पाई गई है।
क्षेत्र में डिजिटलीकरण और मैपिंग का कार्य संतोषजनक बताया गया। नगर विधानसभा क्षेत्र में कुछ बूथों पर स्थानांतरित मतदाताओं की संख्या अधिक पाई गई। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि रिमाउंट डिपो, रेलवे कॉलोनी, पेपर मिल कॉलोनी और आईटीसी कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में नौकरीपेशा मतदाताओं की संख्या अधिक होने के कारण यह स्थिति बनी है। मृत मतदाताओं की संख्या अधिक होने वाले बूथों पर दोबारा सत्यापन के निर्देश दिए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने फार्म-6 की संख्या बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। साथ ही 26 दिसंबर की रात एएसडीडी सूची दोबारा डाउनलोड कर बीएलओ और बीएलए की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




