दीवार गिरने से चाचा-भतीजे की मौत, मचा कोहराम

Jan 16, 2026 07:42 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सहारनपुर
share

Saharanpur News - कोतवाली क्षेत्र के गांव दौलतपुर में खेलते समय दीवार गिरने से चाचा-भतीजे अजमल (12) और सिफान (3) की मौत हो गई। दोनों बच्चे तालाब के पास खेल रहे थे, तभी अचानक दीवार गिर गई। गंभीर रूप से घायल बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दीवार गिरने से चाचा-भतीजे की मौत, मचा कोहराम

कोतवाली क्षेत्र के गांव दौलतपुर में खेलते समय दीवार गिरने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई। दोनों की मौत से परिजनों कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। बताया जाता है कि दीवार जोरदार धमाके के साथ गिरी है। दोनों के शवों को गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक किया गया है। गांव दौलतपुर निवासी अजमल पुत्र मुस्तकीम (12) और उसका भतीजा सिफान पुत्र नसीम (3) शुक्रवार शाम गांव के बाहर तालाब के पास कुछ अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे। खेलते समय बच्चे तालाब के किनारे खड़ी एक पुरानी और कमजोर दीवार के पास पहुंच गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक दीवार भरभराकर गिर पड़ी और उसके मलबे के नीचे अजमल और सिफान दब गए। घटना होते ही साथ खेल रहे अन्य बच्चों ने शोर मचाया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल दीवार का मलबा हटाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को मलबे से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन उन्हें नजदीकी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि अजमल के पिता मुस्तकीम और सिफान के पिता नसीम मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अचानक हुए इस हादसे से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मासूम बच्चों की मौत से माता-पिता बेसुध हो गए और घर में कोहराम मच गया। दोनों को देर शाम गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक किया गया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।