
भैयादूज पर बहन से तिलक कराकर लौट रहे छात्र की मौत
Saharanpur News - भाई दूज पर बहन से तिलक करवाकर लौट रहे 12वीं के छात्र आर्यन की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। आर्यन और उसके भाई को एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो...
भैयादूज पर बहन से तिलक करवाकर लौट रहे 12वीं के छात्र आर्यन की सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार को मृतक छात्र का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। त्योहार पर हुए इस हादसे से छात्र के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। कस्बे के निवासी अशोक कुमार पाल के बेटे आर्यन (18) अपने भाई शुभम के साथ बहन के घर से तिलक करवाकर शाम के समय वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वह नई बस्ती के पास पहुंचे, एक कार सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि आर्यन बाइक से गिरकर सड़क पर जा पड़ा।
दोनों भाई घायल हो गए। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को हायर सेंटर भर्ती कराया गया। जहां पर इलाज के दौरान आर्यन ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। आर्यन कक्षा 12 में एक इंटर कॉलेज का छात्र था और पढ़ाई के साथ पिता की दुकान भी संभालता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि उनके पिता अशोक कुमार कुछ साल पहले बुखार के दौरान चल बसे थे। शुक्रवार को आर्यन का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। परिजन और साथी छात्र हादसे से भावुक हैं और उनका कहना है कि इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस ने बताया कि कार सवार की तलाश जारी है, जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




