
हाईवे पर तेजी से दौड़ाए वाहन, पुलिस ने काटे चालान
Saharanpur News - जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ रही है। हाल ही में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर एक डंपर के पलटने से एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने तेज गति से वाहन चलाने पर कार्रवाई की, जिसमें 105 वाहनों के चालान काटे गए और 2.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जिले में लगातार सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की मौत हो रही है। पिछले सप्ताह शुक्रवार को थाना गागलहेड़ी क्षेत्र दिल्ली-देहरादून हाईवे पर टोल प्लाजा के पास खनन से भरा डंपर के कार पर पलटने से एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई थी। इसी जगह पर बुधवार को भी हादसे में एक युवक की जान गई। सिलिसेवार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बाद यातायात पुलिस की नींद टूटी। गुरुवार को दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर यातायात पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इसके तहत तेजी से वाहन दौड़ाने पर 105 वाहनों के चालान काटकर 2.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
जिले में सर्द मौसम में रात को हाईवे पर सफर करना खतरे से खाली नहीं है। क्योंकि, ओवरलोडिड वाहन भी सड़कों पर बेरोकटोक दौड़ रहे हैं। नवंबर में यातायात माह में दौरान लोगों को नियमों के प्रति जागरूक किया गया था, लेकिन इसी माह सड़क हादसों में जिले में करीब 50 लोगों की मौत हुई थी। इसके साथ ही 100 से अधिक लोग घायल हुए थे। गुरुवार को यातायात प्रभारी अमित तोमर के नेतृत्व में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके तहत तेज गति वाहन दौड़ाने वाले चालकों के चालान काटे गए। पुलिस ने 105 वाहनों के चालान काटकर 2.20 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इसके साथ ही डंपर सहित भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर भी लगाए गए। यातायात प्रभारी अमित तोमर कहना है कि पुलिस का अभियान जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




