कंपनी बाग में सजी विकास की तस्वीर, तीन दिवसीय प्रदर्शनी शुरू
सहारनपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कंपनी बाग में बुधवार को तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी में केंद्र और प्र
सहारनपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कंपनी बाग में बुधवार को तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट, आध्यात्मिक केंद्रों के विकास, आंतरिक सुरक्षा मॉडल और विकसित उत्तर प्रदेश-2047 की झलक को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में सहारनपुर के विकास, स्मार्ट और सुरक्षित शहर की तस्वीर भी आकर्षण का केंद्र रही। राज्यमंत्री संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास जसवंत सैनी ने महापौर डॉ. अजय कुमार, नगर विधायक राजीव गुंबर, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, पूर्व मंत्री संजय गर्ग और पूर्व विधायक जगपाल सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए जसवंत सैनी ने बताया कि आमजन को सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देने के लिए यह प्रदर्शनी तीन दिन तक लगी रहेगी। विधायक राजीव गुंबर ने बताया कि उज्ज्वला योजना, शौचालय निर्माण, मिशन शक्ति केंद्र, राजस्व न्यायालय और सुशासन से जुड़े कार्य भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं। महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि अयोध्या धाम, काशी, महाकुंभ और राष्ट्र नायकों को समर्पित प्रेरणादायी स्थलों को भी प्रदर्शित किया गया है। जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता ने बताया कि किसान कल्याण, एक्सप्रेस प्रदेश, मेट्रो प्रदेश, आरोग्य प्रदेश, निवेश, रोजगार और महिला सशक्तीकरण से जुड़े कार्यों को भी प्रदर्शनी में स्थान दिया गया है।


