देवबंद जाने से पहले सांसद चंद्रशेखर को रोका, घर के बाहर पुलिस तैनात
देवबंद के गांव लालवाला में जमीन विवाद और महाराणा प्रताप की मूर्ति लगाने को लेकर तनाव बढ़ गया है। सांसद चंद्रशेखर आजाद के देवबंद जाने की सूचना पर पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी। दोनों पक्षों के बीच झड़प की आशंका को देखते हुए कई थानों की पुलिस तैनात की गई है।

देवबंद क्षेत्र के गांव लालवाला में जमीन विवाद और महाराणा प्रताप की मूर्ति लगाने को लेकर बढ़े तनाव के बाद रविवार को नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के छुटमलपुर स्थित आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। सांसद के देवबंद जाकर पीड़ित पक्ष से मिलने के एलान के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। जानकारी के अनुसार, देवबंद कोतवाली क्षेत्र के गांव लालवाला में दो बीघा जमीन को लेकर रविंद्र राणा और नरेश कुमार पक्ष के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि रविवार को एक पक्ष द्वारा जमीन पर महाराणा प्रताप की मूर्ति लगाने का प्रयास किया गया, जिसको लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
मामले को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बन गई। इसी बीच दलित समाज से जुड़े नरेश कुमार से मिलने के लिए सांसद चंद्रशेखर आजाद के देवबंद जाने की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। रविवार सुबह से ही छुटमलपुर की हरिजन कॉलोनी स्थित सांसद के आवास के बाहर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। मौके पर कई सर्किल के सीओ भी मौजूद रहे। एहतियात के तौर पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर लगाई गई। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रही और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


