बोले असर : मानकपुर में चला विशेष सफाई अभियान, गलियां चमकीं
Saharanpur News - 16 फरवरी को सहारनपुर के मानकपुर गांव में जलभराव और कच्ची सड़कों की समस्याओं पर समाचार प्रकाशित हुआ था। इसके बाद गांव में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सफाई कर्मचारियों ने नालियों और गलियों की सफाई की, जिससे गांव की स्थिति में सुधार हुआ। ग्रामीणों ने नियमित सफाई की मांग की और विकास कार्यों को बढ़ाने की बात की।
16 फरवरी को बोले सहारनपुर के अंतर्गत जलभराव और कच्ची सड़कें बढ़ा रहीं परेशानी शीर्षक से समाचार प्रकाशित हुआ था। जिसमें गांव मानकपुर की समस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। गुरुवार को खबर का असर हुआ। गांव में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। बदहाल सफाई व्यवस्था से राहत मिली। देहात विधानसभा क्षेत्र के पुवांरका ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मानकपुर में गुरुवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। करीब छह हजार की आबादी वाले इस गांव में लंबे समय से कच्ची सड़क, जलभराव, सीवर के अभाव और बदहाल सफाई व्यवस्था जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। इन समस्याओं को देखते हुए ग्राम पंचायत ने अभियान चलाकर गांव की साफ-सफाई कराई।
अभियान के दौरान सफाई कर्मचारियों को लगाकर गांव की मुख्य गलियों और नालियों की व्यापक सफाई कराई गई। कई स्थानों पर जमा कूड़ा और गाद हटाई गई, जिससे सफाई के तुरंत बाद गलियां साफ-सुथरी नजर आने लगीं। ग्रामीणों ने भी सफाई अभियान का स्वागत करते हुए नियमित सफाई की मांग उठाई। ग्राम प्रधान ने बताया कि पानी की निकासी उचित न होने के कारण जलभराव की समस्या बनी रहती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित तालाब की जल्द खुदाई और सफाई कराई जाएगी, ताकि पानी का बेहतर निकास हो सके। ग्राम प्रधान ने यह भी बताया कि गांव में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। मस्जिद के पास सीसी सड़क निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



