
उपलब्धि: भारतीय कुराश टीम की कोच बनीं सहारनपुर की किरण
संक्षेप: Saharanpur News - सहारनपुर की किरण को 2025 एशियन यूथ गेम्स के लिए भारतीय कुराश टीम की कोच नियुक्त किया गया है। उन्होंने पहले राष्ट्रीय स्तर पर कोचिंग की है और अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का नेतृत्व करने...
खेल इतिहास में जिले के नाम फिर से एक उपलब्धि जुड़ गई है। सहारनपुर की बेटी किरण को बहरीन में होने वाले एशियन यूथ गेम्स 2025 के लिए भारतीय कुराश टीम की कोच नियुक्त किया गया है। किरण पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर कोचिंग दे चुकी हैं, लेकिन इस बार उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का नेतृत्व करने का अवसर मिला है। भारतीय कुराश एसोसिएशन के महासचिव विक्रांत कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि युवा मामले एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा किरण को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। किरन अब बहरीन में भारतीय दल के साथ पहुंच चुकी हैं।
एशियन यूथ गेम्स में भारत के 103 बालक और 120 बालिकाएं विभिन्न खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। जिनमें कुराश टीम को ट्रेनिंग और मार्गदर्शन देने की जिम्मेदारी किरण को सौंपी गई है। गौरतलब है कि यह न सिर्फ सहारनपुर के लिए बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए गर्व की बात है कि एक महिला कोच अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। किरण की इस सफलता पर एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि कपूर, प्रवीण चौधरी, पूजा त्यागी, मोहित, अंतरिक्ष, अंशुल, अरुण, कृष्णकांत, दिव्यांश और निकिता जैन आदि का कहना है कि किरण की यह उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणा बनेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




