रेलवे स्टेशन की पार्किंग ठप, बीच में छोड़ा पार्किंग ठेका
Saharanpur News - सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई है। ठेकेदार ने तीन साल के ठेके को नौ महीने में ही छोड़ दिया, जिसके कारण यात्री अपनी गाड़ियों की सुरक्षा के लिए चिंतित हैं। अब पार्किंग स्थलों पर 'पार्किंग एट ऑनर रिस्क' के बोर्ड लगे हुए हैं। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से नई व्यवस्था की मांग की है।

सहारनपुर, संवाददाता। सहारनपुर रेलवे स्टेशन परिसर में चल रही पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। तीन साल के लिए दिया गया पार्किंग ठेका ठेकेदार ने बीच में ही छोड़ दिया, जिससे स्टेशन परिसर में अव्यवस्था फैल गई। अब पार्किंग स्थलों पर “पार्किंग एट ऑनर रिस्क” के बोर्ड लगा दिए गए हैं। इससे यात्रियों को भारी दिक्कतों के साथ-साथ वाहन चोरी जैसी घटनाओं का डर भी सताने लगा है। जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन परिसर में तीन अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग ठेके के माध्यम से संचालित हो रही थी। यह ठेका करीब डेढ़ करोड़ रुपये सालाना की रकम पर दिया गया था।
लेकिन ठेकेदार ने मात्र नौ महीने के अंदर ही काम छोड़कर हाथ खड़े कर दिए। बताया जा रहा है कि आमदनी और खर्च का हिसाब नहीं बैठने पर ठेकेदार ने संचालन से इनकार कर दिया। ठेका समाप्त होते ही पार्किंग व्यवस्था पूरी तरह लावारिस हो गई। अब वाहन स्वामी खुद ही अपनी गाड़ी की सुरक्षा के जिम्मेदार हैं। यात्रियों का कहना है कि बिना सुरक्षा कर्मियों और किसी निगरानी के वाहन खड़ा करना जोखिम भरा हो गया है। रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन करीब 17 से 18 हजार यात्री यात्रा करते हैं। बड़ी संख्या में लोग बाइक और कार से स्टेशन आते हैं, लेकिन अब पार्किंग की कोई स्पष्ट व्यवस्था न होने के कारण उन्हें इधर-उधर वाहन खड़ा करना पड़ रहा है। इससे जाम जैसी स्थिति भी बनने लगी है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से जल्द नई व्यवस्था लागू कराने की मांग की है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नई निविदा प्रक्रिया पर विचार चल रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


