महानगर में प्रमुख चौराहों पर लगेंगे मिस्ट स्प्रे सिस्टम, ग्रीन नेट
Saharanpur News - सहारनपुर नगर निगम ने गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए राहत प्रदान करने की तैयारी शुरू कर दी है। नगर निगम प्रमुख चौराहों पर मिस्ट स्प्रे सिस्टम और ग्रीन नेट लगाने की योजना बना रहा है। इसके अलावा, 15 नए वाटर कूलर भी स्थापित किए जाएंगे।

सहारनपुर, संवाददाता। लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए नगर निगम ने महानगरवासियों को राहत देने की तैयारी शुरू कर दी है। नगर निगम शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त स्थानों पर मिस्ट स्प्रे सिस्टम तथा ग्रीन नेट लगाने की योजना पर काम कर रहा है। करीब 10 मुख्य चौराहों पर यह व्यवस्था की जाएगी, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकेगी। मिस्ट स्प्रे सिस्टम के माध्यम से हवा में पानी की बेहद महीन फुहार छोड़ी जाएगी। यह फुहार आसपास के वातावरण के तापमान को कम करने में मदद करेगी। खासकर दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच यह व्यवस्था लोगों को काफी राहत दे सकती है। वहीं, ग्रीन नेट लगाए जाने से सीधे सूर्य की किरणों का असर कम होगा और छायादार वातावरण तैयार किया जा सकेगा। नगर निगम का कहना है कि जिन स्थानों पर ट्रैफिक अधिक रहता है और लोग लंबे समय तक जाम में फंसते हैं, वहां इस व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले चौराहों को भी योजना में शामिल किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, प्रस्तावित कार्यों की रूपरेखा लगभग तैयार हो चुकी है और अगले करीब 10 दिनों में कार्य शुरू होने की संभावना है। नगर निगम का मानना है कि गर्मी के इस दौर में यह पहल आम लोगों के लिए राहत भरी साबित होगी। साथ ही प्रशासन द्वारा लोगों से भी अपील की जा रही है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें。
30 लाख की लागत से लगाए जा रहे 15 वाटर कूलर
सहारनपुर। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए नगर निगम ने महानगर में 15 नए वाटर कूलर लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। नगर निगम द्वारा करीब 30 लाख रुपये की लागत से ये वाटर कूलर सार्वजनिक स्थानों पर स्थापित कराए जा रहे हैं, ताकि लोगों को गर्मी में ठंडा पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके।
0-वर्जन
नगर निगम शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त स्थानों पर मिस्ट स्प्रे सिस्टम तथा ग्रीन नेट लगाने की योजना पर काम कर रहा है। करीब 10 मुख्य चौराहों पर यह व्यवस्था की जाएगी, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकेगी। -डॉ अजय कुमार, महापौर
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


