स्वास्थ्य: बदलते मौसम के साथ 30 फीसदी तक बढ़े वायरल-खांसी बुखार के मरीज
Saharanpur News - बदलते मौसम के कारण जिले में वायरल बुखार और खांसी के मरीजों की संख्या में 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 1000 मरीज आ रहे हैं, जिनमें 400 से अधिक बुखार और वायरल संक्रमण से पीड़ित हैं। डॉक्टरों का कहना है कि सावधानी बरतने से वायरल संक्रमण से बचा जा सकता है।

बदलते मौसम के कारण जिले में वायरल बुखार और खांसी के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। तापमान में अचानक उतार-चढ़ाव से लोग तेजी से बीमार पड़ रहे हैं और पिछले दिनों की तुलना में वायरल-खांसी व बुखार के मामलों में करीब 30 फीसदी तक बढ़ोतरी हो गई है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी इस बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग एक हजार मरीज पहुंच रहे हैं, जिनमें 400 से अधिक केवल बुखार और वायरल संक्रमण से पीड़ित पहुंच रहे है। फिजिशियन डॉक्टर अनिल वोहरा ने बताया कि मौसम में बदलाव के साथ शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है।
इसके अलावा गलत खान-पान, बाहर का दूषित भोजन और अनियमित दिनचर्या भी लोगों की सेहत बिगाड़ रही है। अस्पताल आने वाले मरीजों में तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, सिर दर्द और बदन दर्द की शिकायतें सबसे ज्यादा मिल रही हैं। डॉक्टर सलाह दे रहे हैं कि बुखार या सर्दी-जुकाम के लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा न लें, बल्कि तुरंत जांच कराएं। समय पर सावधानी और सही देखभाल से वायरल संक्रमण से बचाव संभव है। बच्चों की सेहत को भी नुकसान पहुंचा रहा बदलता मौसम सहारनपुर। बदलता मौसम बच्चों की सेहत पर भी सीधा असर डाल रहा है। तापमान में तेजी से हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण छोटे बच्चे खांसी, जुकाम, बुखार और सांस संबंधी समस्याओं का ज्यादा शिकार हो रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 100 से अधिक बच्चे इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि सावधानी अपनाकर बच्चों को वायरल संक्रमण से बचाया जा सकता है। क्या करें क्या ना करें... -मौसम के अनुसार कपड़े पहनें। -पर्याप्त पानी पिएं और हल्का व पौष्टिक भोजन करें। -बुखार या खांसी होने पर डॉक्टर से जांच कराएं। -ठंडे पेय और बाहर का दूषित भोजन न खाएं। -बिना सलाह के कोई दवा या पेनकिलर न लें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




