Hindi NewsUttar-pradesh NewsSaharanpur NewsRelief Campaign in Saharanpur Distribution of 7350 Blankets to Help the Needy Amid Severe Cold
शीतलहर से निराश्रित व असहाय लागों को बचाएंगे 7350 कंबल

शीतलहर से निराश्रित व असहाय लागों को बचाएंगे 7350 कंबल

संक्षेप:

Saharanpur News - सहारनपुर जनपद में कड़ाके की ठंड और शीतलहर से प्रभावित निराश्रित लोगों की मदद के लिए शासन द्वारा राहत अभियान चलाया जा रहा है। 7350 कंबलों का वितरण विभिन्न तहसीलों में किया गया है, जिसमें रामपुर मनिहारान में 612 कंबल जरूरतमंदों को दिए गए हैं। प्रशासन पारदर्शिता के साथ वितरण सुनिश्चित कर रहा है।

Jan 02, 2026 10:42 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सहारनपुर
share Share
Follow Us on

कड़ाके की ठंड और शीतलहर से निराश्रित व असहाय लोगों को बचाने के लिए शासन की ओर से सहारनपुर जनपद में व्यापक राहत अभियान चलाया जा रहा है। शासन द्वारा आवंटित धनराशि से जनपद के लिए कुल 7350 कंबलों का क्रय किया गया है, जिन्हें सभी तहसीलों में जरूरतमंदों के बीच वितरित किया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक तहसील को 1450-1450 कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। अब तक तहसील सदर में 950, देवबंद में 1260, नकुड़ में 1170, बेहट में 1230 और रामपुर मनिहारान में 1070 कंबल वितरित किए जा चुके हैं। इस तरह कुल 5680 कंबल निराश्रित और असहाय व्यक्तियों तक पहुंचाए जा चुके हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

प्रशासन के अनुसार समस्त तहसीलों में अभी कुल 1670 कंबल शेष हैं, जिनका वितरण तेजी से कराया जा रहा है। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर लेखपालों और तहसील कर्मियों को विशेष रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि शीतलहर के दौरान कोई भी जरूरतमंद राहत से वंचित न रह जाए। कंबल वितरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ की जा रही है। रामपुर मनिहारान में 612 जरूरतमंदों तक पहुंची मदद कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच गरीब व असहाय लोगों को राहत पहुंचाने के लिए तहसील रामपुर मनिहारान में कंबल वितरण अभियान को तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री, संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास (उत्तर प्रदेश सरकार) जसवंत सैनी ने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी पूर्वा सहित तहसील प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। तहसील रामपुर मनिहारान को जिला स्तर से कुल 1450 कंबल प्राप्त हुए हैं, जिनमें से अब तक 612 कंबल गरीब एवं असहाय व्यक्तियों को वितरित किए जा चुके हैं। वितरण के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लाभार्थियों के फोटो आपदा प्रहरी ऐप पर अपलोड किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर शेष 838 कंबलों में से 500 कंबल वितरण के लिए लेखपालों को सौंप दिए गए हैं, ताकि गांव-गांव और बस्तियों में जाकर जरूरतमंदों को समय रहते राहत पहुंचाई जा सके। उप जिलाधिकारी पूर्वा ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप तहसील प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि रामपुर मनिहारान क्षेत्र में कोई भी गरीब अथवा असहाय व्यक्ति कंबल वितरण से वंचित न रहे। शेष कंबलों का वितरण भी शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।