कल रात 12 बजे से सील होगा दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे, रूट डायवर्जन लागू

Newswrap हिन्दुस्तान, सहारनपुर
share

Saharanpur News - सहारनपुर/बिहारीगढ़, संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन

कल रात 12 बजे से सील होगा दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे, रूट डायवर्जन लागू

सहारनपुर/बिहारीगढ़, संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 13 अप्रैल की रात 12 बजे से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। फतेहपुर से लेकर डाट काली मंदिर तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और पूरे रूट पर भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा।देहरादून की ओर जाने वाले वाहनों को छुटमलपुर से डायवर्ट कर हरिद्वार रूट से भेजा जाएगा, जबकि फतेहपुर से मिर्जापुर होते हुए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि एक्सप्रेसवे के इस हिस्से पर किसी भी सामान्य वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के चलते सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। आसपास के जिलों से अतिरिक्त फोर्स बुलाकर सरकारी स्कूलों और अस्थायी पुलिस लाइनों में ठहराया गया है। गणेशपुर में बनाई गई अस्थायी पुलिस लाइन में भी लगातार गतिविधियां तेज हैं। गांव-गांव में जांच अभियान चलाकर लोगों का सत्यापन किया जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। 14 अप्रैल को बिहारीगढ़ क्षेत्र में प्रवेश के लिए भी विशेष अनुमति अनिवार्य कर दी गई है। यहां तक कि शादी समारोह या बारात लेकर आने वालों को भी पुलिस से परमिशन लेनी होगी। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बाजार सामान्य रूप से खुले रहेंगे और व्यापारियों को किसी प्रकार की बाध्यता नहीं है।पीएम आगमन से पहले सुरक्षा चाक-चौबंद, हेलीपैड और वीआईपी रूट तैयारबिहारीगढ़। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। लैंडिंग जोन पर बनाए गए हेलीपैड लगभग पूरी तरह तैयार हो चुके हैं, वहीं हेलीपैड तक जाने वाला मुख्य मार्ग भी दो लेन में विकसित कर लिया गया है।सुरक्षा के मद्देनजर हेलीपैड क्षेत्र में आम लोगों की आवाजाही तीन दिन पहले ही बंद कर दी गई है। केवल प्रशासनिक अधिकारी और एनएचएआई के कर्मचारी ही अनुमति के बाद प्रवेश कर पा रहे हैं। पूरे क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है और संवेदनशील स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। गणेशपुर मंदिर के पास विशेष वीआईपी मार्ग तैयार किया गया है, जिससे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हेलीपैड तक पहुंचेंगे। इस मार्ग को इंटरलॉकिंग से सुदृढ़ किया गया है और यहां भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।वहीं, पुराने दिल्ली-देहरादून हाईवे और मोहंड जंगल मार्ग पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। वन विभाग की चौकियों पर तैनात कर्मचारी वाहनों की सघन जांच कर रहे हैं। वैध कारण और प्रमाण पत्र न होने पर लोगों को आगे जाने से रोका जा रहा है। कुल मिलाकर, प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरा क्षेत्र सुरक्षा घेरे में है और प्रशासन किसी भी तरह की चूक की गुंजाइश नहीं छोड़ना चाहता।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।