
कम दहेज देने पर गर्भवती के पेट में मारे लात-मुक्के, नवजात की मौत
Saharanpur News - गांव बुढ्ढाखेड़ा में दहेज के लिए गर्भवती विवाहिता के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुराल वालों ने उसके पेट में लाते और मुक्के मारे, जिससे गर्भ में पल रहे बच्चे को चोटें आईं और एक सप्ताह बाद उसकी मौत हो गई। पीड़िता के पिता ने ससुराल पक्ष के सात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना क्षेत्र के गांव बुढ्ढाखेड़ा में कम दहेज मिलने पर गर्भवती विवाहिता के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुरालियों ने गर्भवती महिला के पेट में लाते-मुक्के मारे जिससे गर्भवस्था में बच्चे को चोटें आयी और जन्म के एक सप्ताह बाद उसकी मौत हो गई। पीड़िता के पिता ने ससुराल पक्ष के सात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अध्याना गांव निवासी छोटा पुत्र तुंगल ने एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी लड़की की शादी बुढ्ढाखेड़ा गांव निवासी सतीष पुत्र धीर सिंह के साथ की थी।
विवाहिता के पिता का दावा है कि उन्होंने शादी में एक बरेजा कार और दस तोला सोना व चांदी तथा घर का फर्नीचर के अलावा जरूरत का सभी सामान दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही वह उनकी बेटी के साथ आए दिन तानाकशी व मरपीट करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दामाद के परिवार वाले कहते थे कि उनका लड़का सरकारी अध्यापक है और शादी में एक फॉर्चुनर कार व एक करोड़ की शादी होनी चाहिए थी। इसी बात को लेकर जब वह मारपीट करते थे तो उसके संबंध में कई बार गांव में पंचायतें हुई और समझौता कराया गया, लेकिन विवाहिता के ससुराल पक्ष में कोई बदलाव नहीं आया। आरोप है कि जब उनकी बेटी गर्भवती थी तो उस दौरान उसके पति सतीश, जेठ प्रदीप, जेठानी अनुराधा, देवर अंकुश, ननद रचना, सास शेखो और ससुर धीर सिंह उसके साथ मारपीट करते थे। उनका कहना है कि आरोपियों ने उसकी बेटी के पेट में लाते और मुक्के मारे जिससे उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को गंभीर चोटें आयी और जन्म के एक सप्ताह बाद ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल में भी की मारपीट आरोप है कि अस्पताल में भी उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई। फिलहाल नकुड़ पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




