ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश सहारनपुरसत्ता संग्राम : दावेदारों के लिए हॉट केक हो रही देवबंद सीट

सत्ता संग्राम : दावेदारों के लिए हॉट केक हो रही देवबंद सीट

गंगा-जमुनी संस्कृति का विश्वभर में संदेश देने वाली देवबंद की विधानसभा सीट दावेदारों के लिए हॉट केक की मानिंद हो रही है। प्रत्येक सियासी पार्टी के...

सत्ता संग्राम : दावेदारों के लिए हॉट केक हो रही देवबंद सीट
हिन्दुस्तान टीम,सहारनपुरThu, 16 Sep 2021 11:10 PM
ऐप पर पढ़ें

गंगा-जमुनी संस्कृति का विश्वभर में संदेश देने वाली देवबंद की विधानसभा सीट दावेदारों के लिए हॉट केक की मानिंद हो रही है। प्रत्येक सियासी पार्टी के दिग्गजों की निगाहें इस सीट पर हैं। सपा और कांग्रेस में तो दावेदारों की संख्या काफी लंबी होती जा रही है। खास बात यह है कि पहली बार आजाद समाज पार्टी यहां पर अपना प्रत्याशी उतारने की कवायद में जुट गई है। भाजपा के सिटिंग विधायक हैं तो इस पार्टी से ब्रिजेश सिंह के अलावा अन्य कोई अभी खुलकर सामने नहीं आए हैं।

विश्व प्रसिद्ध दीनी तालीम के केन्द्र दारुल उलूम और सिद्धपीठ मां त्रिपुर बाला सुंदरी की धरती देवबंद का प्रदेश और देश ही नहीं विश्व में अहम स्थान हैं। दारुल उलूम में जहां इस्लाम जगत के हजारों छात्र शिक्षा लेते हैं, वहीं यहां के फतवों की भी खासी मान्यता है। इसके अलावा सिद्धपीठ मां त्रिपुर सुंदरी के दर्शन के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु आकर अपनी मनोकामना पूर्ण करते हैं। मंदिर के पास ही देवबंद में संस्कृत महाविद्यालय भी है, जिसमें देश भर के छात्र वेदों का ज्ञान प्राप्त करते हैं। वर्तमान में यहां पर भाजपा से कुंवर ब्रिजेश सिंह विधायक हैं। जबकि दूसरे नंबर पर बसपा के माजिद अली रहे थे। अब वर्ष- 2022 के विधान सभा चुनावों की आहट शुरू हो गई है तो सभी पाटिर्यों के दावेदारों ने टिकट के लिए जोर आजमाइश शुरू कर दी है।

भाजपा के जिलाध्यक्ष डा. महेन्द्र सिंह सैनी का कहना हैं कि अभी तक उनके सामने सिटिंग विधायक ब्रजेश सिंह की दावेदारी है। संभव है कि आगे अभी अन्य दावेदार भी निकल कर आएं। उधर सपा में दावेदारों की लंबी लाइन हैं। सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रुद्रसेन ने बताया कि पूर्व मंत्री राजेन्द्र राणा के बेटे कार्तिक राणा, पूर्व विधायक शशिवाला पुंडीर, पूर्व विधायक माविया अली, पूर्व प्रमुख प्रवेन्द्र पाठक, कारी साजिद आदि कई नेता दावेदारी कर रहे हैं।

इसी तरह कांग्रेस से भी टिकट मांगने वालों की फेहरिश्त लंबी होती जा रही है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली खुद ही देवबंद से दावेदारों की लाइन में हैं। इसके अलावा पूर्व एमएलसी गजे सिंह के भाई चौधरी राज सिंह, पूर्व विधायक महावीर राणा के पौत्र संदीप राणा के अलावा अजय त्यागी, राहत खलील और तंजीम सिद्दीकी आदि कई नेता दावेदारी कर रहे हैं।

आसपा उतारेगी प्रत्याशी

भीम आर्मी के प्रमख चंद्रशेखर की पार्टी आजाद समाज पार्टी भी पहली बार देवबंद से अपना प्रत्याशी उतारने की कवायद में जुट गई है। अभी हाल में ही बसपा के माजिद अली ने आसपा ज्वाइन की है। माजिद अली ने वर्ष 2017 का चुनाव बसपा से लड़ा था और दूसरे नंबर पर रहे थे। उनकी पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। इससे संभावना हैं कि इस बार वह देवबंद से आसपा के प्रत्याशी हो सकते हैं। माजिद अली ने बताया कि वह आसपा से देवबंद या फिर अन्य विधानसभा क्षेत्र से भी दावेदारी कर सकत हैं। हालांकि पार्टी हाईकमान का फैसला ही अंतिम होगा।

बसपा से सात ने मांगा टिकट

बसपा अभी विधान सभा दावेदारों के पत्ते नहीं खोल रही है। हालांकि पूर्व में यह चर्चा थी कि माजिद अली ही बसपा के प्रत्याशी होंगे। लेकिन दो दिन पहले उनके बसपा छोड़कर चले जाने के बाद इस चर्चा को भी विराम लग गया है। बसपा जिलाध्यक्ष जनेश्वर प्रसाद का कहना हैं कि अभी तक सात लोगों ने टिकट मांगा है। नामों का खुलासा बाद में किया जाएगा।

रालोद नहीं उतारेगी प्रत्याशी

सपा और रालोद का पैक्ट हो गया है। ऐसे में देवबंद की सीट सपा के खाते में जाने की अधिक संभावना हैं। रालोद के जिलाध्यक्ष राव कैशर अली ने बताया कि फिलहाल रालोद की देवबंद से कोई दावेदारी नहीं हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें