
सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग: मेरठ-सहारनपुर मंडल के आठ जिले टॉप-40 से बाहर
Saharanpur News - नवंबर माह की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में मेरठ-सहारनपुर मंडल का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। मुजफ्फरनगर को छोड़कर, नौ में से आठ जिले टॉप-40 से बाहर हो गए हैं। सहारनपुर ने 44वीं रैंक हासिल की, जबकि शामली 53वें स्थान पर रहा। गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर जैसे विकसित जिले भी निचले पायदान पर चले गए हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा नवंबर माह की जारी ताजा सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में मेरठ-सहारनपुर मंडल का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। दोनों मंडलों में मुजफ्फरनगर को छोड़, नौ में से आठ जिले टॉप-40 की सूची से बाहर हो गए हैं। यही नहीं, कई जिलों की स्थिति प्रदेश के नीचले पायदानों पर पहुंच गई है। यह रैंकिंग, शासन की प्राथमिक योजनाओं, विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, जनकल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन और विभागवार प्रदर्शन के आधार पर जारी की जाती है। सहारनपुर जिले ने 8.56 अंकों के साथ प्रदेश में 44वीं रैंक हासिल की है। यह स्तर दर्शाता है कि जिले को कई क्षेत्रों में सुधार लाने की जरुरत है।
मंडल में सहारनपुर से बेहतर प्रदर्शन मुजफ्फरनगर ने किया, जिसने प्रदेश स्तर पर 21वां स्थान प्राप्त कर अपनी कार्यप्रणाली को प्रभावी साबित किया है। इसके विपरीत शामली जिला 53वें स्थान पर रहा। मेरठ-सहारनपुर मंडल के बाकी जिले इस बार रैंकिंग में काफी पिछड़ गए हैं। मेरठ 58वें, बुलंदशहर 60वें, हापुड़ 62वें, बागपत 65वें, गाजियाबाद 74वें और गौतमबुद्ध नगर 75वें स्थान पर रहा है। खास बात यह है कि गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर जैसे बड़े व विकसित जिले भी निचले पायदान पर चले गए, जिससे प्रशासनिक सक्रियता व योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर सवाल उठने लगे हैं। जानकारों के अनुसार, रैंकिंग में गिरावट का मुख्य कारण कई प्रमुख योजनाओं में धीमी प्रगति, पोर्टल फीडिंग में देरी, स्वास्थ्य व शिक्षा सूचकांकों में सुधार की आवश्यकता तथा जन शिकायतों के समय पर निस्तारण में कमी रही है। शासन स्तर से भी निर्देश दिए गए हैं कि कमजोर क्षेत्रों की समीक्षा कर त्वरित सुधार लाया जाएं। सहारनपुर: राजस्व में सुधार, विकास योजनाओं में निराशा जिले की ही बात करें तो यहां राजस्व की रैंकिंग में सुधार हुआ है। राजस्व रैंकिंग में सहारनपुर जिला 21वें स्थान पर है जबकि विकास कार्यों में जिला पिछड़ गया है। विकास कार्यों में जिले की रैंकिंग 54 आई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




