खुलासा: अनैतिक कार्य का विरोध करने पर कर दी थी भाजपा नेता की हत्या
Saharanpur News - कोतवाली नकुड़ क्षेत्र के गांव टिडौली में भाजपा नेता धर्म सिंह की हत्या का खुलासा हुआ है। पुलिस ने गांव की विवाहिता वंदना और उसके प्रेमी साबिर को गिरफ्तार किया। वंदना ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर धर्म सिंह की हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस ने दोनों के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
कोतवाली नकुड़ क्षेत्र के गांव टिडौली में भाजपा नेता धर्म सिंह की हत्या की वारदात का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने गांव की ही विवाहिता और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। विवाहिता के अनैतिक कार्यों का भाजपा नेता विरोध करता था। इसी को लेकर विवाहिता ने प्लानिंग कर अपने प्रेमी और उसके एक साथी की मदद से भाजपा नेता की हत्या करा दी थी। पुलिस ने विवाहिता सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने युवक के पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है। इनका तीसरा साथी फरार है। कोतवाली नकुड़ क्षेत्र के गांव टिडौली निवासी धर्म सिंह पुत्र जग्गन भाजपा अनुसचूति मोर्चा के अंबेहटा मंडल के अध्यक्ष थे।
बुधवार को एसपी देहात सागर जैन ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि आठ नवंबर की रात धर्म सिंह अपने घेर में सोने गए थे। रात में ही उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के बेटे सुशील कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था। खुलासे के लिए पुलिस टीम को लगाया गया। बुधवार कोतवाली नकुड़ पुलिस ने स्वॉट टीम, एसओजी, सर्विलांस टीम की मदद से आरोपी साबिर पुत्र नवाब और उसकी प्रेमिका वंदना पत्नी प्रदीप कश्यप निवाीस गांव टिडौली को पशु पैठ बिजलीघर के पास से गिरफ्तार किया। साबिर के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किया। एसपी देहात ने बताया कि धर्म सिंह ने वंदना की गांव में ही शादी कराई थी। वंदना का चाल-चलन ठीक नहीं था। वह साबिर के साथ मिलकर गांव में अनैतिक कार्य करती थी। उसके पास गांव कई लोग आते-जाते थे। इसके चलते गांव की काफी बदनामी हो रही थी। धर्म सिंह ने वंदना को उसके घर गंगोह भिजवा दिया था, लेकिन वह अपने घर पर नहीं रही और गंगोह में किराए के मकान में रहने लगी। इसके बाद से वंदना और साबिर धर्म सिंह से दुश्मनी रखने लगे। दोनों ने प्लानिंग के तहत अपने तीसरे साथी के साथ मिलकर धर्म सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को साबिर और उसके साथी ने अंजाम दिया था, जबकि साजिश वंदना द्वारा रचि गई। इन दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि इनका एक साथी फरार है। साबिर के पास से पुलिस ने एक तमंचा और कारतूस बरामद किया है। कई बिंदुओं पर की जांच सहारनपुर। पुलिस ने वारदात की कई बिंदुओं पर जांच की है। धर्म सिंह के जमीनी विवाद को लेकर भी पुलिस ने लोगों से पूछताछ की थी। इसके साथ ही धर्म सिंह लोगों के विवादों में मध्यस्था भी कराता था। इस एंगल पर पुलिस ने छानबीन की। पुलिस के लिए वारदात का खुलासा चुनौती बना हुआ था। मामले में लगाकार शासन से भी संज्ञान लिया जा रहा था। पुलिस ने गहनता से मामले की जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा किया है। वारदात के समय फोन पर संपर्क में थी वंदना सहारनपुर। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि हत्या की साजिश वंदना ने रचि थी, जबकि साबिर और उसके साथी ने वारदात को अंजाम दिया था। साबिर जब अपने साथी के साथ धर्म सिंह को गोली मारने गया था, तो वंदना लगातार उनके साथ फोन पर संपर्क में थी। वह लगातार वारदात के बारे में जानकारी ले रही थी। पुलिस ने आरोपियों की कॉल डिटेल भी निकलवाई है। साबिर के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल अंबेहटा, संवाददाता। गांव टिडौली के भाजपा नेता धर्म सिंह कोरी हत्याकांड पकड़े गए साबिर परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। परिजनों ने साबिर को झूठा फंसाए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने दबाव में आकर झूठा खुलासा किया है। साबिर की मां तबस्सुम, पत्नी गुलिस्ता ने कहा कि साबिर एक सीधा-साधा व्यक्ति है। गांव में अपनी मजदूरी कर चार बच्चों का पालन पोषण करता है। उसके बाद भी पुलिस ने गरीब व्यक्ति को धर्म सिंह कोरी हत्याकांड में झूठा फंसा दिया। वह इसके खिलाफ ऊंचा अधिकारियों से गुहार लगाकर अपने पुत्र की बेगुनाह साबित करने की मांग करेगी। साबिर के पकड़े जाने के बाद घर पर ग्रामीणों व रिश्तेदारों की भारी भीड़ जमा हो गई। रिश्तेदारों व ग्रामीणों ने साबिर को झूठे फंसाने का आरोप लगाते हुए कहा पुलिस अपनी वाहवाही लूटने का आरोप लगाया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




