सांगाठेड़ा प्रकरण: युवती बरामद, युवक भी गिरफ्तार

Mar 02, 2026 07:42 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, सहारनपुर
share Share
Follow Us on

Saharanpur News - कोतवाली गंगोह के गांव सांगाठेड़ा से एक युवक के साथ फरार हुई युवती को पुलिस ने सात दिन बाद प्रयागराज से बरामद कर लिया है। युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामला अलग-अलग वर्गों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव के हालात बने थे। युवती का मेडिकल कराकर अदालत में बयान दर्ज कराया जाएगा।

सांगाठेड़ा प्रकरण: युवती बरामद, युवक भी गिरफ्तार

कोतवाली गंगोह क्षेत्र के गांव सांगाठेड़ा से दूसरे वर्ग के एक युवक के साथ फरार हुई युवती को पुलिस ने सात दिन बाद प्रयागराज से बरामद कर लिया है। साथ ही युवक को भी गिरफ्तार किया गया, जिसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामला अलग-अलग वर्गों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव के हालात बने थे। कई संगठन और जनप्रतिनिधि भी युवती के परिजनों के पक्ष में आ गए थे, जिन्होंने प्रदर्शन कर हाईवे पर जाम भी लगाया था। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस फोर्स भी तैनात रही। युवती के बरामद होने पर पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

बता दें कि सात दिन पूर्व गांव सांगाठेड़ा की एक युवती गांव के ही दूसरे वर्ग के युवक के साथ फरार हो गई थी। परिजनों ने युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए आजम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामला दो वर्गों से जुड़ा होने पर तनाव के हालात बन गए थे। दोनों समुदायों के लोगों के बीच गांव में पंचायत हुई थी। इसके साथ ही लड़की के परिजनों के पक्ष में आए कई संगठनों ने भी पंचायत की थी। वहीं, गोपनीय रूप से रोजाना पंचायतों और बैठकों का दौर चल रहा था। युवती के बरामद न होने पर मामला बढ़ता जा रहा था। सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम भी लड़की पक्ष के समर्थन में आए थे। मामले को लेकर लगातार तनाव बढ़ता चला गया। प्रयागराज से बरामद होने की रही चर्चा युवती के बरामद होने पर पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली है। पूरे दिन चर्चा रही कि युवती को पुलिस ने प्रयागराज से बरामद किया और युवक को भी वहीं से गिरफ्तार किया, लेकिन पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक और युवती को कोतवाली गंगोह क्षेत्र से ही पकड़ा गया है। प्रयागराज भी गए थे युवक-युवती पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक और युवती इलाहाबाद हाईकोर्ट भी गए थे। हालांकि, प्रयागराज में सहारनपुर पुलिस ने पहले ही डेरा डाल रखा था। सीओ गंगोह अशोक सिसौदिया और कोतवाली प्रभारी टीम के साथ वहीं मौजूद थे। रिमांड पर लेगी पुलिस, अदालत में होंगे बयान दर्ज पुलिस ने युवक को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि युवक को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। इसके लिए अदालत में प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, युवती का मेडिकल कराने के साथ ही अदालत में बयान दर्ज कराए जाएंगे। युवती का वीडियो हुआ था वायरल तीन दिन पूर्व सोशल मीडिया पर युवती का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें युवती युवक के साथ रहने की इच्छा जता रही थी। इसके बाद तनाव और बढ़ गया था। दोनों वर्गों के लोगों के बीच तनातनी के हालात बन गए थे। मामले को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह चौकस रहा। इसी कारण गांव में फोर्स तैनात रही। वर्जन- पुलिस टीमों ने युवती को बरामद कर लिया है। इसके साथ ही युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस युवक को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। सागर जैन, एसपी देहात

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।