
क्रिटिकल कॉरिडोर पर स्पेशल रोड सेफ्टी टीमों का गठन
Saharanpur News - जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने विशेष रोड सेफ्टी टीमों का गठन किया है। एसएसपी आशीष तिवारी के नेतृत्व में ये टीमें चौबीसों घंटे पेट्रोलिंग करेंगी और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कार्रवाई करेंगी। इससे पुलिस की कार्यशैली पारदर्शी और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए जिले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। एसएसपी आशीष तिवारी ने क्रिटिकल कॉरिडोर पर विशेष रोड सेफ्टी टीमों का गठन किया है, जो चौबीसों घंटे सक्रिय रहकर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाएंगी। यह पहल पुलिस मुख्यालय के निर्देश और यातायात माह के तहत की गई है। प्रत्येक टीम में एक निरीक्षक और चार आरक्षी या फिर दो निरीक्षक और आठ आरक्षी तैनात किए गए हैं। टीमों का मुख्य काम लगातार पेट्रोलिंग करना, ब्लैक स्पॉट्स पर नजर रखना, ओवरस्पीड और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई करना तथा दुर्घटना होने पर तत्काल राहत उपलब्ध कराना है।
एसएसपी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। इसके साथ ही जिले में पुलिसिंग का आधुनिक मॉडल स्पेशलाइजेशन भी तेज़ी से लागू किया जा रहा है। थानों में स्पष्ट नियोजित संरचना, विशेष प्रशिक्षित स्टाफ और तय एसओपी के आधार पर काम किया जाएगा। महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति केंद्र, वन स्टॉप सेंटर और महिला हेल्पडेस्क को और मजबूत किया गया है। साइबर अपराधों से निपटने के लिए अलग साइबर सेल बनाया गया है, जबकि अपराध नियंत्रण एवं त्वरित अनावरण के लिए क्राइम टीमें गठित की गई हैं। एसएसपी आशीष तिवारी ने कहा कि इन सुधारों से पुलिस की कार्यशैली अधिक पारदर्शी और परिणाम देने वाली बनेगी तथा जनता को सुरक्षित और त्वरित सेवा मिल सकेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




