पांच टीमें, कई से पूछताछ, नतीजा शून्य
Saharanpur News - सहारनपुर में टाटा समूह के कैरेटलेन डायमंड शोरूम में करोड़ों की चोरी हुई है। पुलिस ने खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। चोरों ने शोरूम में छत के रास्ते प्रवेश किया और सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए। पुलिस ने क्षेत्र के 50 सीसीटीवी फुटेज की जांच की है।

सहारनपुर। दिल्ली रोड पर डीआईजी आवास और सिविल लाइन पुलिस चौकी के सामने स्थित टाटा समूह के कैरेटलेन डायमंड शोरूम में हुई करोड़ों की चोरी का खुलासा करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। खुलासे के लिए पांच टीमों को लगाया गया है। टीमों ने कर्मचारियों सहित कई संदिग्धों पूछताछ की है। वहीं क्षेत्र में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली, लेकिन तीसरे दिन भी नतीजा शून्य ही रहा। वहीं, पुलिस अधिकारी जल्द वारदात का खुलासा करने का दावा कर रहे हैं। गौरतलब है कि 22 जनवरी की रात चोरों ने डीआईजी आवास और कोतवाली सदर बाजार की सिविल लाइन पुलिस चौकी के ठीक सामने स्थित शोरूम को निशाना बनाकर पुलिस को खुली चुनौती दी।
पॉश इलाके में हुई इस चोरी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। शोरूम मैनेजर अंकित की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि चोर छत के रास्ते शोरूम में दाखिल हुए और अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए। इससे साफ है कि वारदात पूरी योजना और रेकी के बाद अंजाम दी गई। डीआईजी अभिषेक सिंह और एसएसपी आशीष तिवारी ने खुलासे के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया है, जो अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। रविवार को भी पुलिस ने शोरूम के कर्मचारियों के अलावा कई संदिग्धों से पूछताछ की है। इसके अलावा पूर्व में शोरूम में नौकरी कर चुके कर्मचारियों की भी कुंडली खंगाली जा रही है। इसके साथ ही क्षेत्र में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई, जिसमें कुछ संदिग्ध पुलिस को दिखे हैं, लेकिन किसी की भी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस की पांच टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं, लेकिन पुलिस को कोई सफलता अभी तक हाथ नहीं लगी है। पुलिस के लिए यह वारदात भूंस के ढेर में सुंई तलाशने जैसी बन गई है। -------- जेल से छूटकर आए अपराधियों पर भी नजर सहारनपुर। पिछले दिनों चोरी, लूट और डकैती जैसी वारदातों में शामिल रहे बदमाशों की कुंडली भी पुलिस खंगाल रही है। ऐसी वारदातें करने वाले खासकर उन अपराधियों पर नजर रखी जा रही है, जो पिछले दिनों जमानत पर जेल से छूटकर आए हैं। ऐसे अपराधी भी पुलिस की रडार पर आए हैं। सूत्र बताते हैं कि ऐसे अपराधियों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। फिलहाल खुलासे के लिए पुलिस को कोई लाइन नहीं मिली है। ------ वर्जन:- घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगी हैं। शोरूम के आसपास अन्य प्रतिष्ठाानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी गई है। पुलिस जल्द वारदात का खुलासा कर देगी। -आशीष तिवारी, एसएसपी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




