बच्चों ने वार्षिकोत्सव में दिखाई अद्भुत प्रतिभा
Saharanpur News - पाइनवुड विद्यालय में वार्षिकोत्सव का पहला दिन उत्साहपूर्वक मनाया गया। मुख्य अतिथि एसएसपी आशीष तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। छात्रों ने नाटक, नृत्य, और गीत-संगीत के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस वर्ष की थीम 'जलवायु परिवर्तन' और शिक्षा के महत्व पर आधारित थी।
पाइनवुड विद्यालय में गुरुवार को दो दिवसीय वार्षिकोत्सव का पहला दिन बड़े उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसएसपी आशीष तिवारी, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. एके पाठक, विद्यालय की निदेशिका संतोष गुप्ता, दीपक अग्रवाल, रीना अग्रवाल, अंकित गुप्ता, सृष्टि अग्रवाल और प्रधानाचार्य डॉ. संजीव जैन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन करते हुए किया। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उत्साहवर्धन और आत्मविश्वास को बढ़ाने की बात कही। कार्यक्रम की थीम एसडीजी-13 (क्लाइमेट एक्शन) और उड़ान - पढ़ने दो बढ़ने दो थी।
जिसका उद्देश्य छात्रों में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शिक्षा के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम में कक्षा 1 से 6 तक के छात्र-छात्राओं ने नाटक, समूहगान, नृत्य, गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने शिक्षा के महत्व, सीखने की स्वतंत्रता और बच्चों को अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने की प्रेरणा पर जोर दिया। प्रस्तुतियों में बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों को सरल और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया, जिससे सभी उपस्थित अतिथि और अभिभावक प्रभावित हुए। कक्षा एक और दो के प्रतिभाशाली छात्रों तथा विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने कार्यक्रम की सफलता और बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन की मेहनत की सराहना की। आयोजकों ने कहा कि कार्यक्रम ने बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रदर्शित करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के महत्व की सीख भी दी। विद्यालय का यह वार्षिकोत्सव छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला साबित हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




