पीईटी : पहले दिन 11 हजार अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
Saharanpur News - शनिवार को पीईटी परीक्षा 2025 का आयोजन जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से हुआ। 39,792 अभ्यर्थियों में से 28,391 ने परीक्षा दी, जबकि 11,401 अनुपस्थित रहे। जिला प्रशासन...

शनिवार को पीईटी परीक्षा 2025 जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न हुई। परीक्षा में कुल 39,792 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 28,391 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 11,401 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिला अधिकारी मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने गुरूनानक, इस्लामिया और राजकीय इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, बायोमैट्रिक स्कैनर और मुख्य प्रवेश द्वार की व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही अभ्यर्थियों के मोबाइल और बैग जमा करने, शौचालय और पेयजल सुविधाओं की जांच की गई। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों में किसी भी नकल या अनुचित गतिविधि को रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए।
प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र पर्यवेक्षक तैनात थे, और ट्रैफिक पुलिस ने परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों के लिए मार्ग सुरक्षित किया। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र सत्यापन और चेकिंग के बाद ही परीक्षा हॉल में प्रवेश दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि किसी भी अभ्यर्थी को असुविधा न हो और सभी को सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार के साथ सहायता प्रदान की जाए। जिला प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि परीक्षा निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित और नकल मुक्त तरीके से सम्पन्न हो। जाम ने अभ्यर्थियों को किया परेशान सहारनपुर। पीईटी परीक्षा के दिन शहर में ट्रैफिक जाम ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों को काफी परेशान कर दिया। कई अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने में देरी हुई। जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने मार्गों पर व्यवस्था तो की थी, लेकिन प्रमुख चौराहों पर जाम के कारण आवागमन सुचारू नहीं रह सका। इसके बावजूद अधिकतर अभ्यर्थी परीक्षा में समय पर शामिल हुए। अधिकारियों ने स्थिति पर नजर रखते हुए वाहनों को निर्देशित किया और परीक्षार्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने का प्रयास किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




