बड़कलां के जंगल में मिले सांभर के अवशेष, हिंदू संगठनों प्रदर्शन
Saharanpur News - शिवालिक वन प्रभाग की शाकंभरी रेंज में गांव बड़कलां के पास सांभर के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वन्यजीवों का शिकार हो रहा है और अधिकारियों की लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन किया। वन विभाग ने कार्रवाई का आश्वासन दिया और मामले में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की।
शिवालिक वन प्रभाग की शाकंभरी रेंज अंतर्गत गांव बड़कलां के पास जंगल में सांभर के अवशेष मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया और विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल व गोरक्षा संगठनों से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने वन विभाग के रेंज अधिकारी पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने अवशेषों को अपने कब्जे में लेकर शाकंभरी मार्ग पर गांव नागलमाफी के पास सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और मार्ग जाम कर दिया।
जाम और हंगामा करीब तीन घंटे तक चला, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि शिवालिक वन प्रभाग की शाकंभरी, मोहंड, बड़कलां और बादशाहीबाग रेंज के जंगलों के किनारे बने दर्जनों कृषि फार्म हाउस वन्यजीव शिकार के सुरक्षित ठिकाने बन चुके हैं। आरोप है कि शिकारी रात के अंधेरे में लग्जरी वाहनों के जरिए वन्यजीवों का शिकार कर तस्करी कर रहे हैं। विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी होने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे शिकारियों के हौसले बुलंद हैं। बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब गांव बड़कलां के पास वन विभाग की चौकी के निकट सांभर के अवशेष पड़े मिले। सूचना मिलते ही प्रांत बालोपासन प्रमुख हरीश कौशिक, जिला मंत्री योगेश चौहान, जिला संयोजक अनुज सैनी, विद्यार्थी प्रमुख वासु खटीक, जिला सह मंत्री विशाल समेत आशीष, नरेंद्र, अभिषेक, रजत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी और मिर्जापुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और आरोपियों को नामजद कर मुकदमा दर्ज करने तथा शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खोला गया। रेंजर सचिन कुमार ने बताया कि प्रांत बालोपासन प्रमुख हरीश कौशिक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




