खुलासा: रंजिश में हत्या कर कार में शव रखकर फूंक दी थी कार
Saharanpur News - कोतवाली गागलहेड़ी क्षेत्र में एक जली हुई कार में रोहित नामक युवक का शव मिला। उसकी हत्या रुपये के लेनदेन के विवाद में की गई थी। आरोपी ने शव को कार में रखकर आग लगाकर हादसा दिखाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है।

कोतवाली गागलहेड़ी क्षेत्र में चौरा खुर्द से चांदपुर जाने वाले मार्ग पर जंगल में जली हुई कार में फूंका हुआ शव मिलने के मामले में पुलिस ने शक के आधार पर एक आरोपी को हिरासत में लिया है। इसके साथ ही मृतक की पहचान हो गई। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि मृतक का नाम रोहित था, जो थाना फतेहपुर क्षेत्र का रहने वाला था। रुपयों के लेनदेन की रंजिश के चलते ही उसकी हत्या कार में शव रखकर आग लगा दी गई। हत्या को हादसा दिखाने की कोशिश की गई। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा है, जबकि वारदात में उसके साथियों के नाम भी सामने आ रहे हैं।
यह था मामला बुधवार को चांदपुर जाने वाले रास्ते पर सड़क किनारे ग्रामीणों ने जली हुई ऑल्टो कार देखी थी। कार के अंदर एक युवक का शव भी मिला था। उस दिन में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। हालांकि उसी रात बिहारीगढ़ के चाणचक निवासी युवक का शव होने की आशंका जताई गई थी। ऐसे में पुलिस ने युवक के शव और परिजनों का डीएनए जांच के लिए भेजा था। हत्या के खुलासे में यह बातें आई सामने शुक्रवार को मोहम्मदपुर कंधेला गांव की महिला बबीता परिजनों के साथ गागलहेड़ी थाने पहुंची थी, जिसने बताया कि उसका बेटा रोहित चार दिन से लापता है। उन्हें सूचना मिली थी कि कार में एक जला हुआ शव मिला है और जो कार मिली है वह रोहित के परिचित चाणचक निवासी एक युवक की है। इन दोनों की अच्छी जान-पहचान थी और घर आना-जाना लगा रहता था। बबीता ने शक जताया कि रोहित ने चाणचक निवासी युवक से 1.60 लाख रुपये उधार लिए थे, जिन्हें रोहित नहीं लौटा पा रहा था। इसके बाद पुलिस ने उस युवक की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। तब पूरे मामले का खुलासा हुआ कि शव रोहित का था। पुलिस के अनुसार, रुपयों के लेनदेन के चलते रोहित की हत्या की गई है। हत्या को हादसा दिखाने की थी कोशिश आरोपी ने हत्या को हादसा दिखाने की पूरी कोशिश की है। इसी के तहत रोहित की हत्या की और फिर आल्टो कार में ड्राइवर वाली सीट पर उसको बैठाकर कार में आग लगा दी थी, जिससे ऐसा लगे कि कार में आग लग गई और हादसे में युवक की मौत हुई है, लेकिन मौका-ए-वारदात को देखकर साफ प्रतीत हो रहा था कि हत्या कर शव को कार में रखकर आग लगाई गई है। रोहित के हैं दो छोटी बेटियां रोहित परिवार में सबसे बड़ा था और उसकी पत्नी का नाम पिंकी है। रोहित दो बेटी हैं, जिनके नाम महक व इशानी और पत्नी पैरालाइसिस से पीड़ित भी है। रोहित की छोटी दो बहन हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। एक छोटा भाई अक्षय और बहन विवाहित है। वर्जन:- घटना की जांच चल रही है। पुलिस हर बिंदु पर मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस जल्द वारदात का खुलासा कर देगी। -मुनीश चंद्र, सीओ सदर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


